भारत की युवा प्रतिभा को अवसर देगा स्टार्टअप पैकेज, मजबूत होगा औद्योगिक भविष्य : योगेश चंद्र मुंजाल।
गुरुग्राम, (जतिन /राजा )। केंद्र सरकार द्वारा स्टार्टअप क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए घोषित पैकेज का प्रसिद्ध उद्योगपति एवं मुंजाल शोवा के मैनेजिंग डायरेक्टर योगेश चंद्र मुंजाल ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल देश में उद्यमिता को नई दिशा देने के साथ-साथ आर्थिक विकास और रोजगार सृजन के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।
योगेश चंद्र मुंजाल ने कहा कि भारत आज दुनिया की तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और देश की युवा शक्ति इसकी सबसे बड़ी ताकत है। इंजीनियरिंग, चिकित्सा, वित्त, डिजाइन तथा आधुनिक तकनीक जैसे विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभाशाली और ऊर्जावान युवा बड़ी संख्या में उपलब्ध हैं। यदि इस युवा शक्ति को सही अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन मिले तो भारत के आर्थिक विकास को नई गति मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि स्टार्टअप केवल नए व्यवसाय शुरू करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये रोजगार पैदा करने, नई तकनीक विकसित करने और पारंपरिक उद्योगों में नवाचार लाने का महत्वपूर्ण जरिया बन चुके हैं। केंद्र सरकार द्वारा स्टार्टअप के लिए घोषित पैकेज से नए उद्यमियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और अधिक से अधिक युवा नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा कि स्टार्टअप क्षेत्र में निवेश और सहयोग बढ़ने से रिसर्च एंड डेवलपमेंट आधुनिक तकनीक और नए उत्पादों के विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इससे देश के औद्योगिक ढांचे को मजबूती मिलेगी और भारतीय कंपनियां वैश्विक बाजार में और अधिक प्रतिस्पर्धी बन सकेंगी।
उन्होंने कहा कि भारत में जिस तेजी से स्टार्टअप और यूनिकॉर्न का इकोसिस्टम विकसित हुआ है, वह देश की युवा प्रतिभा और उद्यमशील सोच का प्रमाण है। ऐसे में सरकार की ओर से नीतिगत सहयोग और वित्तीय प्रोत्साहन इस पूरे इकोसिस्टम को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
योगेश चंद्र मुंजाल ने केंद्र सरकार से पैकेज को तय समय-सीमा के भीतर प्रभावी ढंग से लागू करने तथा प्रक्रियाओं को सरल बनाने की भी अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि जितनी आसानी से युवा अपने नए विचारों को व्यवसाय में बदल पाएंगे, उतना ही देश की अर्थव्यवस्था और औद्योगिक विकास को लाभ मिलेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार, उद्योग जगत और युवा उद्यमियों के बीच बेहतर समन्वय से भारत आने वाले वर्षों में नवाचार, रोजगार और उद्यमिता का वैश्विक केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सकता है।








