सफाई व फायर कर्मचारियों की हड़ताल 13 सितंबर तक बढ़ी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आप नेताओं और सर्व कर्मचारी संघ ने दिया समर्थन, 13 मई के समझौते को लागू करने की मांग

गुडग़ांव, 9 सितम्बर (अशोक)। नगर निगम के सफाई और अग्निशमन कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल 13 सितंबर तक बढ़ाने की घोषणा की है। मंगलवार को हड़ताल के 35वें दिन सर्व कर्मचारी संघ तथा विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने धरनास्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया।

आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष मनीष मक्कड़, प्रदेश सचिव निकेत अरोड़ा, जिला सचिव नरेंद्र जांगड़ा और ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष हरीश मल्होत्रा सहित कई कार्यकर्ताओं ने कर्मचारियों की मांगों को जायज बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी कर्मचारियों के आंदोलन में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी।

सरकार पर गुमराह करने का आरोप

नगर पालिका कर्मचारी संघ के राज्य उपप्रधान बसंत कुमार ने प्रदेश सरकार और शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल पर कर्मचारियों व जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस बल के सहारे सफाई व्यवस्था सामान्य दिखाने का प्रयास किया जा रहा है।

बसंत कुमार ने आरोप लगाया कि हड़ताल के दौरान कूड़ा उठाने के नाम पर कुछ अधिकारियों और ठेकेदारों द्वारा फर्जी बिल बनाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। संघ ने सफाई व्यवस्था के नाम पर किए गए सभी भुगतानों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

लिखित आदेश जारी करने की मांग

कर्मचारी संघ ने 13 मई को हुए समझौते में स्वीकार की गई मांगों के लिखित आदेश तत्काल जारी करने, ठेका प्रथा समाप्त कर नियमित भर्ती करने और निलंबित कर्मचारियों को बहाल करने की मांग उठाई।

इसके साथ ही आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले कर्मचारियों के आश्रितों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने की मांग की गई। कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!