महिलाओं ने किया भजन-कीर्तन, बाल गोपाल को लगाया भोग

गुरुग्राम, 9 सितंबर। सेक्टर-82 स्थित कासा बेला सोसायटी के शिव मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की छठी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर में बाल गोपाल का आकर्षक शृंगार कर उन्हें झूले में विराजमान किया गया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
समारोह में कासा बेला की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर भजन-कीर्तन किया। भगवान श्रीकृष्ण के भजनों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने बाल गोपाल को पारंपरिक व्यंजनों और मिठाइयों का भोग अर्पित किया। आरती के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।
शिव शक्ति सेवा समिति के चेयरमैन महेश चतुर्वेदी ने बताया कि समिति पिछले छह वर्षों से सेक्टर-82 के शिव मंदिर में श्रीकृष्ण छठी सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन करती आ रही है। इन आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने के साथ समाज में आपसी प्रेम, सहयोग एवं सद्भाव की भावना को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में समिति के प्रधान विनोद मित्तल, महासचिव शिव कुमार गौतम, उपाध्यक्ष नरेश जिंदल एवं विनय गौतम, कोषाध्यक्ष मुकेश गुप्ता, सहसचिव विजय गुप्ता तथा पंडित राम लखन शर्मा सहित सोसायटी के अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।








