जीएमडीए के एंटी-एन्क्रोचमेंट पोर्टल पर लगातार पहुंच रही शिकायतें; सीईओ पीसी मीणा ने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
गुरुग्राम, 9 सितंबर। शहर की सड़कों, फुटपाथों, ग्रीन बेल्ट और अन्य सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त बनाने की मुहिम में अब नागरिकों की भागीदारी भी तेजी से बढ़ रही है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के एंटी-एन्क्रोचमेंट पोर्टल पर अब तक करीब 44 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 20 मामलों का निपटारा किया जा चुका है। शेष शिकायतों की संबंधित टीमों द्वारा जांच की जा रही है और कार्रवाई योग्य पाए जाने पर मौके पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पीसी मीणा ने एनफोर्समेंट टीमों को पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि जिन स्थानों से अतिक्रमण हटाया जा चुका है, वहां नियमित निगरानी रखी जाए, ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो।
जीएमडीए अधिकारियों के अनुसार, पोर्टल पर नागरिकों की बढ़ती भागीदारी इस बात का संकेत है कि लोग अपने आसपास के सार्वजनिक स्थानों को सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त रखने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। नागरिकों से प्राप्त जमीनी जानकारी से एनफोर्समेंट टीमों को उन स्थानों की पहचान करने में मदद मिल रही है, जहां तत्काल ध्यान देने की जरूरत है।
फोटो से तुरंत पता चल रहा स्थान
एंटी-एन्क्रोचमेंट पोर्टल पर शिकायत दर्ज करते समय नागरिक लाइव जियो-टैग्ड और टाइम-स्टैम्प्ड फोटो भी अपलोड कर सकते हैं। इससे अधिकारियों को शिकायत वाले स्थान की सही पहचान करने तथा अतिक्रमण की स्थिति का प्रारंभिक आकलन करने में सुविधा होती है। इसके बाद संबंधित टीम मौके पर जाकर आवश्यक कार्रवाई करती है।
पोर्टल के माध्यम से सड़क, फुटपाथ, ग्रीन बेल्ट, ड्रेन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण की शिकायत दर्ज की जा सकती है। इससे नागरिकों और एनफोर्समेंट टीमों के बीच समन्वय भी अधिक प्रभावी हुआ है और यह व्यवस्था शहर में चलाए जा रहे नियमित अतिक्रमण विरोधी अभियानों को मजबूत कर रही है।
जीएमडीए प्रवक्ता ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण की सूचना जिम्मेदारीपूर्वक पोर्टल के माध्यम से साझा करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों और जीएमडीए के सतत सहयोग से ही सार्वजनिक भूमि को उसके निर्धारित उपयोग के लिए सुरक्षित और आम लोगों के लिए सुगम बनाया जा सकता है।
जीएमडीए द्वारा इन-हाउस विकसित यह पोर्टल मोबाइल फोन, लैपटॉप और डेस्कटॉप के माध्यम से इस्तेमाल किया जा सकता है। अधिकारियों के लिए एडमिन मॉड्यूल भी तैयार किया गया है, जिसके जरिए शिकायतों की निगरानी, की गई कार्रवाई का रिकॉर्ड और मामलों की स्थिति को ट्रैक किया जा सकता है।
पोर्टल gmda.gov.in/anti-encroachment पर उपलब्ध है तथा इसे जीएमडीए की आधिकारिक वेबसाइट के “New Arrivals” सेक्शन में भी देखा जा सकता है।









