राहुल पर एफआईआर, खड़गे के अपमान और एचकेआरएन कर्मियों के मुद्दे पर युवा कांग्रेस का रोष मार्च

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन का इस्तेमाल, कई हिरासत में

चंडीगढ़, 8 सितंबर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर तथा हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के कर्मचारियों को नियमित करने की मांग को लेकर हरियाणा युवा कांग्रेस ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास की ओर रोष मार्च निकाला।

प्रदर्शन का नेतृत्व भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने किया, जबकि आयोजन हरियाणा युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सोमिल संधू के आह्वान पर हुआ। एआईसीसी के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

प्रदेशभर से पहुंचे युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहले प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एकत्रित हुए। यहां वरिष्ठ नेताओं के संबोधन के बाद प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास की ओर रवाना हुए।

संविधान और सामाजिक समानता का अपमान : चिब

उदय भानु चिब ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में खड़गे से जुड़ी कथित ‘शुद्धिकरण’ की घटना को लेकर भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जाति के आधार पर किसी व्यक्ति के साथ भेदभाव केवल उसका व्यक्तिगत अपमान नहीं, बल्कि संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समानता की भावना का भी अपमान है।

उन्होंने घटना के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को तत्काल रद्द करने की मांग की।

एससी-एसटी कानून के तहत हो कार्रवाई : संजय दत्त

एआईसीसी प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि भाजपा और आरएसएस को स्पष्ट करना चाहिए कि वे संविधान की विचारधारा के साथ हैं या मनुवादी सोच के साथ। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मामले का संज्ञान लेकर दोषियों के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा करना प्रत्येक लोकतांत्रिक सरकार की जिम्मेदारी है।

एचकेआरएन कर्मचारियों को नियमित करे सरकार : राव नरेंद्र

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस दलितों, आदिवासियों और कमजोर वर्गों के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी है।

एचकेआरएन कर्मचारियों का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लंबे समय से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ठोस नीति बनाए और उन्हें नियमित करने की दिशा में तत्काल कदम उठाए। वर्षों तक काम लेने के बावजूद कर्मचारियों को नौकरी का स्थायित्व और पर्याप्त सामाजिक सुरक्षा नहीं दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों का समाधान होने तक कांग्रेस उनकी आवाज सड़क से लेकर विधानसभा और प्रत्येक लोकतांत्रिक मंच पर उठाती रहेगी।

बैरिकेडिंग पर नोकझोंक, वाटर कैनन चलाया

मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को चंडीगढ़ पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। प्रदर्शनकारियों के आगे बढ़ने पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

युवा कांग्रेस ने दावा किया कि पुलिस कार्रवाई में उसके कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता घायल हुए। बैरिकेडिंग पार करने का प्रयास कर रहे अनेक कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर विभिन्न थानों में पहुंचाया। पार्टी के अनुसार, हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को करीब डेढ़ से दो घंटे बाद रिहा कर दिया गया।

कार्यकारी अध्यक्ष सोमिल संधू ने कहा कि जातिगत आधार पर अपमानजनक व्यवहार के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस सामाजिक न्याय, संवैधानिक मूल्यों और एचकेआरएन कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी।

प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल, प्रदेश प्रभारी सत्यवान गहलोत, सह प्रभारी मीमांसा आर्य, प्रदेश अध्यक्ष नितिश कटारिया, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश पोशवाल, मोहित शर्मा व महबूब गुर्जर तथा पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष मयंक चौधरी सहित प्रदेश महासचिव, जिलाध्यक्ष और विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष शामिल हुए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें