वेणुगोपाल ने कांग्रेस नेताओं के साथ तैयारियों की समीक्षा की, जनसंपर्क अभियान तेज करने पर जोर
‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ का संदेश हर वर्ग तक पहुंचाने के निर्देश
नई दिल्ली, 23 अक्टूबर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित मेगा रैली की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को हरियाणा कांग्रेस के नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इंदिरा भवन स्थित पार्टी मुख्यालय में हुई बैठक में हरियाणा से व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने और जनसंपर्क अभियान तेज करने पर विचार-विमर्श किया गया।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, वेणुगोपाल ने नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर रैली की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों तक पहुंचकर उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
चुनावी पारदर्शिता के मुद्दे उठाने पर जोर
वेणुगोपाल ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ का संदेश जनता तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने हरियाणा विधानसभा चुनाव में कथित चुनावी हेराफेरी को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों को जनसंपर्क अभियान में प्रमुखता देने का आह्वान किया।
विज्ञप्ति के मुताबिक, कांग्रेस ने आरोप लगाया कि चुनावी अनियमितताओं के जरिए पार्टी के पक्ष में मिले जनादेश को पलट दिया गया। पार्टी ने इस मामले में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की जवाबदेही तय करने की मांग दोहराई।
वेणुगोपाल ने 12 अक्टूबर को दिल्ली में आयोजित विरोध मार्च में भागीदारी के लिए हरियाणा कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं की सराहना भी की।
ब्लॉक स्तर के कार्यक्रमों की जानकारी दी
बैठक की शुरुआत में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने प्रदेश के ब्लॉकों में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ विरोध मार्चों की जानकारी दी। दोनों नेताओं ने कहा कि इन कार्यक्रमों से चुनावी पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को जनता तक पहुंचाने तथा पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने में मदद मिली है।
बैठक में मौजूद नेताओं और पदाधिकारियों ने रैली को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं और समर्थकों से संपर्क बढ़ाने तथा लोकतंत्र और जनादेश की रक्षा के मुद्दे पर लोगों को लामबंद करने का संकल्प लिया।
बैठक में संजय दत्त, राव नरेंद्र सिंह, रणदीप सिंह सुरजेवाला और दीपेंद्र सिंह हुड्डा सहित वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। इसके अलावा पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य, विभिन्न विभागों और संगठनों के प्रमुख, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, सांसद, विधायक, जिला अध्यक्ष तथा पर्यवेक्षक भी शामिल हुए।
हुड्डा के आवास पर पहुंचकर जाना स्वास्थ्य
विज्ञप्ति के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा अस्वस्थ होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हो सके। बैठक के बाद संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह ने दिल्ली स्थित उनके आवास पर पहुंचकर स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान आगामी रैली की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।









