ब्राह्मण समाज की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पंडित मांगे राम शर्मा जी के नाम पर भवन या सड़क, हरियाणा में ब्राह्मण कल्याण आयोग के गठन और गुरुग्राम में ब्राह्मण भवन के लिए भूमि आवंटन की मांग उठी;

‘विप्र संकल्प’ पत्रिका का भव्य विमोचन

गुरुग्राम, 24 अक्टूबर। विश्व ब्राह्मण संघ (भारत) के संस्थापक एवं संस्थापक अध्यक्ष परम श्रद्धेय स्वर्गीय पंडित मांगे राम शर्मा जी की जयंती एवं ‘विप्र संकल्प’ पत्रिका का विमोचन समारोह शनिवार को गुरुग्राम में भव्य रूप से आयोजित किया गया। समारोह में हरियाणा सरकार के मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने समाज की मांगों पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए युवा पीढ़ी में संस्कारों के विकास और समाजोत्थान के लिए पंडित मांगे राम शर्मा जी के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विश्व ब्राह्मण संघ (भारत) के चेयरमैन श्री शशिकांत शर्मा ने स्वागत भाषण देते हुए पंडित मांगे राम शर्मा जी के प्रेरणादायी जीवन, दूरदर्शी नेतृत्व और संगठन के निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पंडित जी का जीवन समाजसेवा, संगठन की एकता और सामाजिक उत्थान के लिए समर्पित रहा। उनकी विचारधारा और आदर्श आज भी समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं।

श्री शशिकांत शर्मा ने हरियाणा सरकार के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि परम श्रद्धेय पंडित मांगे राम शर्मा जी के सम्मान में किसी प्रमुख भवन अथवा सड़क का नामकरण उनके नाम पर किया जाए, प्रदेश में ब्राह्मण कल्याण आयोग का गठन किया जाए तथा गुरुग्राम में ब्राह्मण भवन के निर्माण के लिए सरकारी भूमि आवंटित की जाए। उन्होंने कहा कि ये कदम समाज की शैक्षणिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने इन मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।

मुख्य अतिथि डॉ. अरविंद शर्मा ने अपने संबोधन में युवा पीढ़ी में संस्कारों के विकास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए नई पीढ़ी को अपने सांस्कृतिक मूल्यों, परंपराओं और नैतिक आदर्शों से जोड़ना आवश्यक है। पंडित मांगे राम शर्मा जी के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज के उत्थान और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

विशिष्ट अतिथि श्री मुकेश शर्मा, विधायक, गुरुग्राम ने भी पंडित मांगे राम शर्मा जी के जीवन और सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज को एकजुटता, सेवा और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को ‘पंडित मांगे राम शर्मा राष्ट्रीय ब्राह्मण गौरव पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में विश्व के सर्वश्रेष्ठ स्कूल के लिए पहचान बनाने वाले डॉ. श्रीनिवास तिवारी, राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित गणित अध्यापक श्री अनिल कौशिक, नई सोच एवं नई पहल के लिए श्री दिनेश जोशी, संस्कृत में स्वर्ण पदक प्राप्त करने पर श्री विष्णु पांडे तथा शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार के लिए जीएवी पब्लिक स्कूल के चेयरमैन श्री नरेश कौशिक शामिल रहे।

समारोह में ‘विप्र संकल्प’ पत्रिका का विमोचन भी किया गया। पत्रिका को समाज के विचारों, उपलब्धियों, सांस्कृतिक मूल्यों और संगठनात्मक गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बताया गया। कार्यक्रम का केंद्रीय संदेश ‘प्रेरणा से संकल्प तक’ रहा, जो पंडित जी की विरासत को आगे बढ़ाने और समाजहित में संगठित प्रयास करने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर श्री डी.के.वी. समैया, श्री आर.एस. गोस्वामी, श्री के.सी. पांडेय, पूर्व उपकुलपति श्री राधेश्याम शर्मा, पूर्व उपकुलपति डॉ. श्रेयस द्विवेदी, श्री कुलभूषण भारद्वाज, श्री जी.एल. शर्मा,श्रीमती मीनू शर्मा, श्रीमती अमिता पाठक,श्री गोपाल कृष्ण कौशिक, श्री रणधीर राय, श्री राघवेंद्र सिंह, श्री विशाल शर्मा, श्री कुलदीप वशिष्ठ, श्री आर.पी. कौशिक, श्रीमती आशा शर्मा, श्री चंचल कौशिक, श्री अजीत शर्मा, श्री महेंद्र शर्मा, श्री चेतन शर्मा, श्री मनोज गौतम, श्री राकेश वत्स, श्री बलवीर शर्मा, श्री जयभगवान शर्मा (अंबाला), श्री दिनेश वशिष्ठ, श्री विनोद पांडेय, श्री गुंजन मेहता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

समारोह के समापन पर विश्व ब्राह्मण संघ (भारत) की ओर से सभी अतिथियों, सम्मानित प्रतिभाओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। संगठन ने पंडित मांगे राम शर्मा जी के आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए सामाजिक एकता, शिक्षा, संस्कार और जनकल्याण के कार्यों को निरंतर गति देने का संकल्प दोहराया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें