दिल्ली महारैली में उठेगी ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह ने तेज कीं ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान की तैयारियां

एक नवंबर को रामलीला मैदान में हरियाणा से व्यापक भागीदारी के निर्देश; जांच में जिम्मेदारी साबित होने पर गिरफ्तारी की मांग

24 अक्टूबर। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि एक नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित इंडिया गठबंधन की महारैली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। दोनों नेताओं ने कहा कि यदि जांच में कानून के उल्लंघन अथवा लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की जिम्मेदारी प्रमाणित होती है, तो उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी होनी चाहिए।

शनिवार को पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची की निष्पक्षता, चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा को लोकतंत्र से जुड़े बुनियादी सवाल बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों पर अपना अभियान जारी रखेगी।

मतदाता सूचियों की शिकायतों का रिकॉर्ड तैयार करें

संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस का दो माह का राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान निर्णायक चरण की ओर बढ़ रहा है। हरियाणा में इसे जिला, ब्लॉक, गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाने के लिए संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे मतदाता सूचियों से संबंधित विसंगतियों और शिकायतों का दस्तावेजी रिकॉर्ड तैयार करें तथा पात्र मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करें। दोनों नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान पात्र नागरिकों के नाम हटाए जाने की आशंकाओं और कथित अनियमितताओं की गंभीरता से जांच करने की मांग की।

उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार के पद पर रहते हुए चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों का समाधान संभव नहीं है। नेताओं ने कहा कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी चुनाव कराने के साथ यह सुनिश्चित करना भी है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अवसर मिले और चुनावी व्यवस्था पर जनता का विश्वास बना रहे।

जिला और ब्लॉक स्तर पर रैली की तैयारी

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि एक नवंबर की महारैली में हरियाणा से व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश और जिला कांग्रेस कमेटियों को इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए हैं। विभिन्न जिलों में वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जिला एवं ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों की भागीदारी की तैयारियां की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि महारैली में मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग के साथ चुनावी व्यवस्था में जवाबदेही, पारदर्शिता और मताधिकार की रक्षा के मुद्दे उठाए जाएंगे।

दोनों नेताओं के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इन मुद्दों पर आंदोलन जारी रखने का संकल्प दोहराया है। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े मामलों को लेकर सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया गया है। कांग्रेस नेतृत्व विपक्षी दलों, जनप्रतिनिधियों और नागरिक समाज के साथ समन्वय कर रहा है।

26 नवंबर तक निगरानी करेंगे पर्यवेक्षक

संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए संगठनात्मक जिलों में 26 नवंबर तक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। ये पर्यवेक्षक तैयारियों, कार्यक्रमों के क्रियान्वयन और संगठनात्मक समन्वय की निगरानी करेंगे।

पर्यवेक्षकों को पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों, जिला कांग्रेस कमेटियों, सांसदों, विधायकों और अग्रणी संगठनों के साथ मिलकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक पर्यवेक्षक अभियान के हर चरण में संबंधित जिले का कम से कम एक बार दौरा करेगा। कार्यक्रमों में कमी, संगठनात्मक निष्क्रियता अथवा स्थानीय मतभेद सामने आने पर उनका समय रहते समाधान कराया जाएगा। गंभीर मामलों से प्रदेश नेतृत्व को तत्काल अवगत कराने को कहा गया है।

दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा कांग्रेस की प्राथमिकता है और एक नवंबर की दिल्ली महारैली इस अभियान का महत्वपूर्ण पड़ाव होगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें