मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों पर बिजली निगमों के प्रबंध निदेशकों ने की संयुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, बिजली व्यवस्था जल्द सामान्य करने पर जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*एचवीपीएनएल, यूएचबीवीएन, डीएचबीवीएन के प्रबंध निदेशकों ने संयुक्त बैठक कर बिजली आपूर्ति बहाल करने के अधिकारियों को दिए निर्देश*

*उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता*

चंडीगढ़, 23 अक्टूबर — हरियाणा में बिजली कर्मचारी यूनियनों की हड़ताल समाप्त होने के बाद प्रदेश में बिजली आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल करने के लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (HVPNL), उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड (UHBVNL) तथा दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड (DHBVNL) के प्रबंध निदेशकों ने संयुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिजली आपूर्ति बहाली की स्थिति की समीक्षा की।

हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (HVPNL) के प्रबंध निदेशक डॉ आदित्य दहिया और उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड (UHBVNL) व दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड (DHBVNL) के प्रबंध निदेशक श्री विक्रम सिंह ने शुक्रवार को पंचकूला में बैठक कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली आपूर्ति को यथाशीघ्र सामान्य बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। इसके लिए संबंधित अधिकारियों, फील्ड स्टाफ और तकनीकी टीमों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करते हुए बिजली आपूर्ति बहाली के कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

तीनों बिजली निगमों के मुख्य अभियंता तथा संबंधित अधीक्षण अभियंता एवं कार्यकारी अभियंता भी शामिल हुए। बैठक में बिजली आपूर्ति बहाली से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यकतानुसार संसाधनों और तकनीकी कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

डॉ आदित्य दहिया ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देश स्पष्ट हैं कि प्रदेश के नागरिकों को बिजली आपूर्ति के कारण किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। सरकार बिजली उपभोक्ताओं के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है और बिजली व्यवस्था को जल्द से जल्द सामान्य बनाने के लिए संबंधित विभागों एवं निगमों द्वारा समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें