दिवाली बाद प्रशिक्षण शिविरों से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करेगी कांग्रेस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महिला, युवा और संगठनात्मक मुद्दों की समीक्षा; ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को गांव-गांव पहुंचाने की रणनीति

चंडीगढ़, 8 सितंबर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने मंगलवार को कांग्रेस के विभिन्न अग्रिम संगठनों के राष्ट्रीय अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों के साथ बैठकें कर संगठनात्मक गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और जनहित से जुड़े मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की।

राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील पवार के साथ हुई बैठक में जिला एवं ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया। ये शिविर दिवाली के बाद शुरू होंगे। इनमें कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती, पंचायती राज व्यवस्था, पार्टी की विचारधारा, जनहित के मुद्दों और आगामी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण अभियान के माध्यम से कार्यकर्ताओं को वैचारिक और संगठनात्मक रूप से तैयार करते हुए कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा।

महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा और हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पर्ल चौधरी के साथ हुई बैठक में महिलाओं से जुड़े मुद्दों, पार्टी संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका तथा महिला आरक्षण की मांग पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में संगठन और राजनीतिक प्रतिनिधित्व में महिलाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। निर्वाचित एवं पूर्व महिला जनप्रतिनिधियों का एकदिवसीय सम्मेलन आयोजित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। संगठन सृजन अभियान के तहत महिला कांग्रेस का ढांचा जमीनी स्तर तक मजबूत करने का निर्णय लिया गया।

‘छात्रों की गूंज’ को बूथ स्तर तक पहुंचाएंगे

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, प्रदेश प्रभारी सत्यवान गहलोत, हरियाणा युवा कांग्रेस अध्यक्ष निशित कटारिया और कार्यकारी अध्यक्ष सोमिल संधू के साथ हुई बैठक में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गई।

बैठक में प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं के सामने खड़ी चुनौतियों पर गंभीर चर्चा की गई। युवा कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों से इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने संबंधी सुझाव भी लिए गए।

संजय दत्त ने कहा कि भाजपा सरकार के पास युवाओं को रोजगार देने की न तो कोई नीति है और न ही नीयत। युवा कांग्रेस सरकार को उसकी ‘कुंभकर्णी नींद’ से जगाने के लिए सड़कों पर संघर्ष जारी रखेगी और युवाओं की आवाज मजबूती से उठाएगी।

युवा कांग्रेस के आंदोलन को दिया समर्थन

संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह ने उदय भानु चिब के साथ युवा कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री आवास के घेराव के लिए आयोजित प्रदर्शन में भी भाग लिया। यह आंदोलन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर तथा हरियाणा कौशल रोजगार निगम के कर्मचारियों को नियमित करने की मांग को लेकर आयोजित किया गया था।

ब्लॉक सम्मेलनों और एसआईआर अभियान की समीक्षा

कांग्रेस नेतृत्व ने प्रदेश में चल रहे ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के सम्मेलनों की भी समीक्षा की। बैठकों से मिले फीडबैक को सकारात्मक एवं उत्साहजनक बताते हुए नेताओं ने कहा कि ब्लॉक स्तर के कार्यकर्ताओं में संगठन को मजबूत करने के लिए जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है।

संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह अब तक पिंगनवा (नूंह), बादशाहपुर (गुरुग्राम), शाहाबाद ग्रामीण (कुरुक्षेत्र) तथा साहा (अंबाला) में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलनों में संयुक्त रूप से मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हो चुके हैं।

बैठक में एसआईआर अभियान का जिलेवार फीडबैक लेने के साथ मंडल स्तर पर संगठन गठन के लिए चल रहे मैपिंग कार्य की समीक्षा की गई। संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने के लिए पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें