आईडीसी में जलभराव, फैक्ट्रियों का कामकाज ठप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोदाम की दीवार गिरी, कई इकाइयों में घुसा पानी; उद्यमियों ने प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप

गुरुग्राम। शहर में शुक्रवार और शनिवार को हुई बारिश ने जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉलोनी (आईडीसी) में सड़कें जलमग्न हो गईं और भारी जलभराव के कारण एक गोदाम की दीवार गिर गई। कई फैक्ट्रियों में पानी घुसने से उद्यमियों को मशीनें बंद करनी पड़ीं, जिससे उत्पादन प्रभावित हुआ।

आईडीसी एसोसिएशन के प्रधान धर्मसागर तथा स्थानीय उद्यमियों सुनील दत्ता, विजय टंडन, देवेंद्र जैन, प्रवीण वर्मा और तरुण खन्ना ने हालात पर गहरा रोष जताया। उन्होंने कहा कि पिछली बार जलभराव के बाद नगर निगम अधिकारियों ने समस्या के स्थायी समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन शनिवार को स्थिति फिर जस की तस दिखाई दी।

धर्मसागर ने कहा कि क्षेत्र की सीवर लाइनें जाम पड़ी हैं, ड्रेनेज सिस्टम ध्वस्त हो चुका है और सड़कें जर्जर हालत में हैं। बार-बार शिकायतों के बावजूद संबंधित विभागों ने ठोस कार्रवाई नहीं की, जिसका खामियाजा उद्यमियों और कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है।

बारिश का असर औद्योगिक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहा। एमजी रोड और महावीर चौक समेत शहर की कई प्रमुख सड़कों एवं चौराहों पर भी भारी जलभराव हुआ। सड़कों पर जमा पानी के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

उद्यमियों और स्थानीय निवासियों ने नगर निगम से सीवर लाइनों की तत्काल सफाई कराने, ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त करने और जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान जान-माल और कारोबार को होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें