सड़क पर खुला 10 फीट गहरा गड्ढा दे रहा हादसे को न्योता, बैरिकेडिंग तक नहीं
गुडग़ांव, 5 सितम्बर (अशोक)। अशोक विहार फेज-3 एक्सटेंशन की मुख्य सड़क पर जलभराव के कारण स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूरी गली में घुटनों तक गंदा पानी भरा हुआ है, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
जलभराव से सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है। छात्र गौतम, रूपा, रश्मि, अरुण, पलक और ईशा ने बताया कि पानी के बीच से गुजरते समय फिसलकर गिरने और चोटिल होने का डर बना रहता है। सड़क जगह-जगह से टूटी हुई है और स्पीड ब्रेकर के पास नुकीले सरिए बाहर निकले हुए हैं। पानी में दिखाई नहीं देने के कारण ये सरिए राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जलजमाव के कारण बच्चे और नौकरीपेशा लोग समय पर स्कूल एवं कार्यालय नहीं पहुंच पा रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने बताया कि चार दिन पहले संबंधित विभाग ने मुख्य प्रवेश द्वार के पास सड़क पर करीब 10 फीट गहरा गड्ढा खोदा था, जिसे खुला छोड़ दिया गया। बारिश का पानी भरने के बाद यह गड्ढा और अधिक खतरनाक हो गया है।
गड्ढे के आसपास न तो बैरिकेडिंग की गई है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि विभाग की यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
स्थानीय निवासी अजय सिंह, ठाकुर गौतम सिंह, युवराज, रोशन कुमार, बिट्टू सिंह, काजल, राजेश कुमार, जितेंद्र सिंह, लालबाबू चौधरी और विजय सिंह सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से गड्ढे को तत्काल सुरक्षित तरीके से भरवाने तथा जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में सुरक्षित और सुचारू आवागमन सुनिश्चित हो सके।








