आरक्षण नहीं मिलने से यात्रियों को परेशानी का दावा, छठ पूजा तक विशेष ट्रेनें चलाने की मांग
गुरुग्राम। कांग्रेस के गुरुग्राम जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने दिवाली और छठ पूजा पर उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल तथा अन्य राज्यों में अपने घर जाने वाले यात्रियों के लिए ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ट्रेनों में आरक्षण नहीं मिलने से हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और यात्रियों में रोष है। सरकार अतिरिक्त ट्रेनें चलाकर लोगों को राहत दे, ताकि वे समय पर अपने परिवारों के बीच पहुंचकर त्योहार मना सकें।
पंकज डावर ने कहा कि गुरुग्राम और मानेसर में उत्तर प्रदेश, बिहार तथा पश्चिम बंगाल के लाखों लोग रहते हैं, जो यहां की फैक्ट्रियों, कंपनियों और अन्य संस्थानों में काम करते हैं। हर वर्ष दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों पर वे अपने परिवार के पास जाना चाहते हैं, लेकिन ट्रेनों में जगह नहीं मिलने से उनका घर पहुंचना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने दावा किया कि इन राज्यों की ओर जाने वाली ट्रेनों में सीटें भर चुकी हैं और प्रतीक्षा सूची लंबी हो गई है।
डावर ने कहा कि त्योहार हर किसी के लिए खुशियां लेकर आते हैं, लेकिन ट्रेन में जगह नहीं मिलने से अनेक लोगों की खुशियां अधूरी रह जाती हैं। सरकार की जिम्मेदारी है कि लोगों को त्योहारों पर अपने घर पहुंचने के लिए पर्याप्त यात्रा सुविधाएं उपलब्ध कराए। इसके लिए यात्रियों की मांग के अनुरूप विशेष ट्रेनें चलाई जानी चाहिए।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि रेल मंत्रालय को तत्काल निर्देश देकर गुरुग्राम, दिल्ली और रेवाड़ी से अथवा इन स्टेशनों के रास्ते उत्तर प्रदेश, बिहार तथा पश्चिम बंगाल जाने वाले यात्रियों के लिए रेल सेवाएं बढ़ाई जाएं। साथ ही छठ पूजा तक विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाए, ताकि यात्रा सुविधा के अभाव में किसी को अपने परिवार से दूर रहकर त्योहार न मनाना पड़े।
पंकज डावर ने आरोप लगाया कि सरकार बुलेट ट्रेन और वंदे भारत को लेकर बड़े दावे करती है, लेकिन आम लोगों को त्योहारों पर घर पहुंचाने के लिए पर्याप्त सामान्य रेल सेवाएं उपलब्ध नहीं करा पा रही। उन्होंने इसे सरकार की नाकामी बताते हुए कहा कि गरीबों और प्रवासी मजदूरों की अनदेखी की जा रही है, जबकि यही लोग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रवासी भाई-बहनों के साथ खड़ी है और उनकी मांग सरकार तक पहुंचा रही है। डावर ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ट्रेनों की संख्या नहीं बढ़ाई और यात्रियों को राहत देने के लिए कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस आंदोलन करने को मजबूर होगी।








