बेहतर जलनिकासी के लिए एमसीजी का विशेष अभियान, गली ट्रैप की सफाई में जुटी निगम की टीमें

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नालियों और ड्रेनेज व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए गली ट्रैप की सफाई व डी-सिल्टिंग पर विशेष जोर

गुरुग्राम, 5 सितम्बर। मानसून के दौरान जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और जलभराव की संभावनाओं को कम करने के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम द्वारा गली ट्रैप की विशेष सफाई का अभियान चलाया जा रहा है। निगम की टीमों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में गली ट्रैप की सफाई एवं डी-सिल्टिंग का कार्य निरंतर जारी है।

अभियान के दौरान गली ट्रैप में जमा गाद, मिट्टी, कूड़ा-कचरा और अन्य अवरोधों को हटाया जा रहा है, ताकि बारिश के पानी की निकासी में किसी प्रकार की बाधा न आए। गली ट्रैप साफ होने से नालियों में पानी का प्रवाह बेहतर होगा और जलभराव की स्थिति को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने पर फोकस

नगर निगम द्वारा मानसून के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रेनेज व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। गली ट्रैप की सफाई को इसी व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हुए निगम टीमें मौके पर जाकर सफाई कार्य कर रही हैं। विशेष अभियान के तहत जहां गली ट्रैप में गाद या कचरा जमा पाया जा रहा है, वहां तत्काल सफाई कर उसे चालू स्थिति में लाया जा रहा है। इससे बारिश के दौरान पानी को तेजी से ड्रेन सिस्टम में पहुंचाने में सहायता मिलेगी।

कमिश्नर ने अधिकारियों को दिए नियमित सफाई के निर्देश

नगर निगम गुरुग्राम के कमिश्नर प्रदीप दहिया ने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव की स्थिति को रोकने के लिए प्रभावी जल निकासी व्यवस्था बेहद जरूरी है। गली ट्रैप में जमा गाद और कचरे के कारण बारिश के पानी की निकासी प्रभावित हो सकती है। इसलिए निगम की टीमों को गली ट्रैप की नियमित सफाई और डी-सिल्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण किया जाए और जहां भी जल निकासी में बाधा दिखाई दे, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।

नागरिकों से भी सहयोग की अपील

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे नालियों, गली ट्रैप और सड़क किनारे कूड़ा न डालें, क्योंकि इससे जल निकासी व्यवस्था बाधित होती है। निगम के अनुसार, स्वच्छ एवं अवरोध-मुक्त ड्रेनेज व्यवस्था बनाए रखने में नागरिकों का सहयोग भी महत्वपूर्ण है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!