नारनौल से ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलनों की शुरुआत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राव नरेंद्र सिंह ने शिक्षा और खेल के मुद्दे पर सरकार को घेरा, हजारों शिक्षण पद रिक्त होने का दावा

चंडीगढ़, 5 सितंबर। जिला संवाद बैठकों के बाद कांग्रेस ने अब प्रदेश में ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के सम्मेलन शुरू कर दिए हैं। शनिवार को पहला सम्मेलन नारनौल में आयोजित किया गया। इसमें हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष सत्यवीर झुकिया ने की, जबकि आयोजन नारनौल ब्लॉक अध्यक्ष मनपाल यादव ने किया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राव नरेंद्र सिंह ने शिक्षा और खेल के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ सरकारी कॉलेजों में हजारों शिक्षण पद खाली हैं और पढ़ाई अतिथि एवं एक्सटेंशन व्याख्याताओं के भरोसे चल रही है, वहीं दूसरी ओर मेधावी खिलाड़ियों को उच्च सेवाओं में नियुक्ति के लिए अदालत की शरण लेनी पड़ रही है।

सरकारी कॉलेजों में 4,632 पद रिक्त होने का दावा

राव नरेंद्र सिंह ने आरटीआई से प्राप्त आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश के सरकारी डिग्री कॉलेजों में शिक्षकों के 7,986 स्वीकृत पदों में से केवल 3,354 पदों पर नियमित नियुक्तियां हैं, जबकि 4,632 पद रिक्त हैं। शिक्षण व्यवस्था चलाने के लिए 2,057 अतिथि अथवा एक्सटेंशन व्याख्याता लगाए गए हैं।

उन्होंने दावा किया कि शैक्षणिक सत्र 2024-25 के वास्तविक कार्यभार के अनुसार सरकारी कॉलेजों में 8,572 शिक्षकों की आवश्यकता है। अंग्रेजी विषय में 792, भूगोल में 508, वाणिज्य में 486 तथा गणित और रसायन विज्ञान में 409-409 पद खाली हैं। पर्यावरण विषय के सभी 22 पद रिक्त बताए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सहायता प्राप्त कॉलेजों में भी 2,831 स्वीकृत शिक्षण पदों में से 1,394 पद खाली हैं। प्राचार्यों के 97 पदों में से 56 रिक्त हैं।

हाईकोर्ट में लंबित है जनहित याचिका

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि सोनीपत निवासी अधिवक्ता अमन दहिया ने कॉलेजों में रिक्त पदों के मुद्दे पर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की है। सीडब्ल्यूपी-पीआईएल-227-2026 में अगली सुनवाई 6 अक्टूबर को निर्धारित है।

उन्होंने कहा कि याचिका में सरकारी कॉलेजों के 4,632 रिक्त पद छह महीने में भरने, सहायता प्राप्त कॉलेजों के पदों को तीन महीने में मंजूरी देने तथा उच्चस्तरीय समिति गठित करने की मांग की गई है। साथ ही मौजूदा कॉलेजों में कम से कम 75 प्रतिशत पद भरे जाने तक नए कॉलेज नहीं खोलने का आग्रह किया गया है।

खिलाड़ियों के अधिकारों पर भी उठाए सवाल

राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को एचसीएस और एचपीएस में नियुक्ति का अधिकार पाने के लिए भी हाईकोर्ट जाना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि अदालत में मामला हारने के बावजूद सरकार ने अपील और पुनर्विचार याचिका दायर की तथा उस पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस शिक्षा और खेलों में गुणवत्तापूर्ण व्यवस्था स्थापित करने तथा युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार रिक्त शिक्षण पदों पर तत्काल भर्ती करे, अतिथि व्याख्याताओं के नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू करे और खिलाड़ियों के साथ हो रहे कथित अन्याय को समाप्त करे।

सम्मेलन में नारनौल ब्लॉक कांग्रेस के सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!