टॉवर ऑफ जस्टिस परिसर के साथ अधिवक्ताओं के चैंबर्स के लिए पर्याप्त भूमि आवंटित करने की मांग
बार को मजबूत, सुविधासंपन्न और सम्मानजनक कार्यस्थल के रूप में विकसित करना है
वकीलों का सम्मान, अधिकार, सुविधा और कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है
गुरुग्राम, 05 सितंबर 2026 । जिला बार एसोसिएशन, गुरुग्राम के पूर्व प्रधान एवं वरिष्ठ अधिवक्ता तथा प्रधान पद के उम्मीदवार चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि वकीलों के मान-सम्मान, अधिकारों, सुविधाओं और कल्याण की रक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा वकीलों के मान-सम्मान पर किसी कीमत पर भी आँच नहीं आने दूँगा।
चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने कहा कि बार के सभी साथियों को साथ लेकर पारदर्शिता, निष्पक्षता और ईमानदारी से कार्य करना उनका संकल्प है। उन्होंने अधिवक्ताओं से ग्रुपबाजी और जात-पात से ऊपर उठकर बार के हित में मतदान करने की अपील की।
चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि गुरुग्राम बार एसोसिएशन के लगभग 11,000 पंजीकृत सदस्य हैं, लेकिन हजारों अधिवक्ताओं के पास आज भी अपने पेशेवर कार्य के लिए चैंबर उपलब्ध नहीं हैं। चैंबर्स की कमी के कारण अधिवक्ताओं को रोजमर्रा के काम में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने सरकार और संबंधित प्राधिकरणों से मांग की कि टॉवर ऑफ जस्टिस परिसर के साथ अधिवक्ताओं के चैंबर्स के निर्माण के लिए पर्याप्त भूमि शीघ्र आरक्षित एवं आवंटित की जाए। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का अभिन्न अंग हैं और उन्हें सम्मानजनक एवं व्यवस्थित कार्यस्थल उपलब्ध कराना न्यायिक व्यवस्था को और मजबूत करेगा।
उन्होंने बताया कि अपने पूर्व कार्यकाल में उन्होंने हॉल नंबर 4 एवं 5 का निर्माण करवाकर अधिवक्ताओं के लिए निःशुल्क सीटों की व्यवस्था करवाई थी। इसके अलावा बार एसोसिएशन कार्यालय, महिला अधिवक्ताओं के लिए विशेष बार रूम, आधुनिक कैंटीन, मीटिंग हॉल का नवीनीकरण, बार की पहली वेबसाइट तथा अधिवक्ताओं की आर्थिक सहायता के लिए अलग वेलफेयर अकाउंट जैसी महत्वपूर्ण पहल भी की गईं।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी प्रत्येक अधिवक्ता के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, बेहतर सुविधाएं और सम्मानजनक कार्यस्थल उपलब्ध करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
चौधरी संतोख सिंह ने अधिवक्ताओं से अपील की कि वे बार के हित में अपने मत का प्रयोग कर उन्हें अपना बहुमूल्य वोट देकर विजयी बनाएं। उन्होंने कहा मेरा उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि बार को मजबूत, सुविधासंपन्न और सम्मानजनक कार्यस्थल के रूप में विकसित करना है। वकीलों का सम्मान, अधिकार, सुविधा और कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।








