विधानसभा के अतारांकित प्रश्न संख्या 85 और आरटीआई से हुआ बड़ा खुलासा, प्रदेश में दहशत का माहौल: पूर्व विधायक नीरज शर्मा
फरीदाबाद। हरियाणा में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था, खुलेआम मांगी जा रही रंगदारी और बढ़ते आपराधिक मामलों को लेकर एनआईटी फरीदाबाद के पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने प्रदेश की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आज पूरा हरियाणा डर और दहशत के साए में जीने को मजबूर है और राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। पूर्व विधायक ने कहा कि हरियाणा, जो कभी खुशहाली, सुरक्षा और विकास के लिए जाना जाता था, आज अपराधियों, गैंगस्टरों और शूटरों का गढ़ बनता जा रहा है।
नीरज शर्मा ने बताया कि विधानसभा में कांग्रेस की मुलाना से विधायक श्रीमती पूजा द्वारा पूछे गए अतारांकित प्रश्न संख्या 85 के जवाब में खुद सरकार के आंकड़ों से प्रदेश की भयावह स्थिति उजागर हुई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के शासनकाल के दौरान 1 जनवरी 2025 से 31 जुलाई 2026 के बीच गैंगस्टरों द्वारा पूर्व प्रतिनिधियों, अधिकारियों, व्यापारियों और आम जनता को लगातार धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व जनप्रतिनिधियों तक को सरेआम गोलियां मारी जा रही हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि प्रदेश में कोई भी सुरक्षित नहीं है।
पूर्व विधायक ने खुलासा किया कि उन्होंने स्वयं भी पुलिस विभाग और पंचकुला पुलिस मुख्यालय में आरटीआई लगाकर भाजपा शासनकाल के दौरान धमकियां मिलने, दी गई सुरक्षा और उस पर हुए सरकारी खर्च का पूरा विवरण मांगा था। हालांकि, कई जिलों से आधी-अधूरी जानकारी दी गई और सूचनाएं छिपाने का प्रयास किया गया, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि सरकार जमीनी हकीकत को जनता के सामने नहीं आने देना चाहती।
नीरज शर्मा ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार की नाकामियों के कारण ही आज सभी बड़े-बड़े गैंगस्टरों का ध्यान हरियाणा पर केंद्रित हो गया है। सरकार ने लगभग 700 पुलिसकर्मियों को धमकी मिले व्यक्तियोँ की सुरक्षा में लगा रखा है, जबकि प्रदेश के थाना-चौकियों में पुलिस स्टाफ की भारी कमी है और आम जनता के काम रुके पड़े हैं। भय और असुरक्षा के ऐसे माहौल में हरियाणा में कोई भी नया उद्योगपति या व्यापारी निवेश करने को तैयार नहीं है।
नीरज शर्मा ने मुख्यमंत्री/गृह मंत्री से गुजारिश करते हुए कहा कि यदि उन्हें चुनाव प्रचार और पंजाब के राजनीतिक दौरों से फुर्सत मिले, तो वे हरियाणा की जनता की सुध लें। केवल विज्ञापनों और दावों तक सीमित रहने के बजाय सरकार बिगड़ी कानून व्यवस्था पर तुरंत कठोर कदम उठाए। सुरक्षा में लगाए गए इन 700 पुलिसकर्मियों को जनता की सेवा और सुरक्षा में तैनात किया जाए ताकि प्रदेश में व्यापारियों और आम नागरिकों को भयमुक्त वातावरण मिल सके तथा रंगदारी और गैंगस्टरों के इस आतंक का जड़ से खात्मा हो सके।








