बादशाहपुर में रविवार को ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलन में गरजेंगे कांग्रेस के दिग्गज : वर्धन यादव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संगठन की मजबूती, स्थानीय जनसमस्याओं और आगामी रणनीति पर होगा मंथन; संजय दत्त, राव नरेंद्र सिंह, दीपेंद्र हुड्डा और जितेंद्र भारद्वाज करेंगे शिरकत

गुरुग्राम। संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने तथा बादशाहपुर क्षेत्र से जुड़े जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने के उद्देश्य से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, बादशाहपुर द्वारा रविवार को विशाल ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन दोपहर 3 बजे वाटिका चौक स्थित औरम कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।

जिला कांग्रेस कमेटी गुरुग्राम (ग्रामीण) के अध्यक्ष वर्धन यादव ने सम्मेलन की जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी श्री संजय दत्त, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री राव नरेंद्र सिंह, कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के सदस्य एवं सांसद श्री दीपेंद्र हुड्डा तथा हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष श्री जितेंद्र भारद्वाज की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की एक मंच पर उपस्थिति से न केवल संगठन को मजबूती मिलेगी, बल्कि कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार भी होगा।

वर्धन यादव ने कहा कि यह सम्मेलन केवल एक सांगठनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बादशाहपुर की जनता की आवाज और क्षेत्र के ज्वलंत मुद्दों को मजबूती से उठाने का महत्वपूर्ण मंच होगा। सम्मेलन में स्थानीय स्तर पर जनता के सामने आ रही समस्याओं, क्षेत्र के विकास, बुनियादी सुविधाओं, नागरिक समस्याओं तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही पार्टी संगठन को बूथ और ब्लॉक स्तर तक अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने तथा आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है और पार्टी की नीति हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं और अधिकारों की लड़ाई लड़ने की रही है। “हमारा लक्ष्य संगठन को केवल कागजों पर नहीं, बल्कि प्रत्येक गांव, वार्ड और बूथ स्तर पर मजबूत करना है। कार्यकर्ताओं और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करके उनकी आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।”

वर्धन यादव ने कहा कि गुरुग्राम और बादशाहपुर तेजी से विकसित होते क्षेत्र हैं, लेकिन विकास की इस रफ्तार के बीच आम जनता को अनेक बुनियादी समस्याओं का सामना भी करना पड़ रहा है। कांग्रेस इन समस्याओं को लेकर लगातार जनता के बीच आवाज उठा रही है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक सम्मेलन के माध्यम से कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर स्थानीय मुद्दों को सूचीबद्ध करने और उनके समाधान के लिए एक प्रभावी रणनीति तैयार करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी गुरुग्राम (ग्रामीण) लगातार संगठन को मजबूत करने और प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका देने की दिशा में काम कर रही है। आने वाले समय में ब्लॉक, गांव, वार्ड और बूथ स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को और तेज किया जाएगा तथा जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच खड़ी दिखाई देगी।

जिला अध्यक्ष वर्धन यादव ने बादशाहपुर ब्लॉक के सभी पदाधिकारियों, वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं, युवा साथियों और पार्टी समर्थकों से सम्मेलन में भारी संख्या में पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही कांग्रेस की सबसे बड़ी शक्ति है।

उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के उत्साह, सक्रिय भागीदारी और क्षेत्र की जनता के समर्थन से बादशाहपुर का यह ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलन ऐतिहासिक और अभूतपूर्व रूप से सफल होगा तथा आने वाले सांगठनिक कार्यक्रमों के लिए एक नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!