वाहनों की बढ़ती संख्या के मुकाबले पार्किंग की व्यवस्था नहीं, सड़कों पर खड़े वाहनों से लग रहा जाम : धर्मसागर

गुरुग्राम। आईडीसी औद्योगिक क्षेत्र में पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने से उद्यमियों, कामगारों और बाहर से आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आईडीसी एसोसिएशन के प्रधान धर्मसागर ने क्षेत्र में उपलब्ध भूमि पर मल्टीस्टोरी पार्किंग बनाने की मांग उठाई है।
धर्मसागर तथा उद्यमियों सुनील दत्ता, विजय टंडन, देवेंद्र जैन, प्रवीण वर्मा और तरुण खन्ना ने बताया कि आईडीसी गुरुग्राम का पुराना औद्योगिक क्षेत्र है। यहां करीब 250 औद्योगिक भूखंड हैं। इनमें अनेक स्थानों पर एचएसआईआईडीसी की अनुमति से शोरूम और औद्योगिक इकाइयां संचालित हो रही हैं। बड़ी संख्या में कामगारों के साथ ही कारोबारी प्रतिनिधियों का भी यहां आवागमन रहता है, लेकिन वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग की व्यवस्था नहीं है।
उन्होंने बताया कि रात के समय आईडीसी की मुख्य सड़कों पर बड़ी संख्या में वाहन खड़े कर दिए जाते हैं। इससे रास्ते संकरे हो जाते हैं और यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। आपात स्थिति में दमकल एवं अन्य वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।
धर्मसागर ने कहा कि क्षेत्र के मध्य में पार्किंग के लिए भूमि उपलब्ध है। इस स्थान पर प्रधान डाकघर क्षेत्र अथवा पुराने सदर बाजार की तर्ज पर मल्टीस्टोरी पार्किंग बनाई जा सकती है। इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव घटेगा और यातायात व्यवस्था सुचारु होगी।
उन्होंने दावा किया कि पार्किंग निर्माण के संबंध में करीब 20 वर्ष पहले एचएसआईआईडीसी को प्रस्ताव दिया गया था। नगर निगम आयुक्त की ओर से भी पार्किंग बनवाने का आश्वासन मिला था, लेकिन परियोजना अभी तक धरातल पर नहीं उतर पाई। उद्यमियों ने संबंधित विभागों से पार्किंग परियोजना को शीघ्र मंजूरी देकर निर्माण शुरू कराने की मांग की है।
इसके साथ ही उद्यमियों ने आईडीसी क्षेत्र में पिछले करीब चार माह से चल रहे सड़क और सीवर निर्माण की धीमी गति पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अधूरे निर्माण कार्य और पार्किंग के अभाव ने क्षेत्र की यातायात समस्या को और गंभीर बना दिया है।








