: होडल में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
: प्रदेशाध्यक्ष बोलीं— प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास और पारदर्शिता बनी सरकार की पहचान

होडल, 18 अक्टूबर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि इंडी गठबंधन, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और सीजेपी देश में अस्थिरता तथा अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशी ताकतों के इशारे पर देश में नकारात्मक वातावरण तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में जनता के बीच जाकर सकारात्मक संवाद करेंगे तथा तथ्यों के आधार पर विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब देंगे।
रविवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता होडल विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरेन्द्र सिंह के निवास एवं कार्यालय पर पहुंचीं, जहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए विपक्ष की राजनीति, एसआईआर और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि विपक्ष एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाकर अपनी राजनीतिक नाकामियों को छिपाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने के मुद्दे पर बेचैन हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मतदाता सूची से जुड़े विषयों पर तथ्यों के साथ जनता को जागरूक करें तथा विपक्ष के भ्रामक प्रचार का जवाब संयम और प्रमाणों के आधार पर दें।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास, सुशासन और पारदर्शिता सरकार की पहचान बने हैं। इसी विश्वास के चलते देश और प्रदेश की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा को जनादेश दिया है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उसका राजनीतिक इतिहास और परिवारवाद की राजनीति किसी से छिपी नहीं है। इसके विपरीत भाजपा संगठन की मजबूती, सुशासन और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि 3 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई मुलाकात में आम नागरिकों और किसानों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई थी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देना, पीएम-कुसुम योजना का लाभ किसानों तक पहुंचाना तथा आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाएं, उनकी समस्याओं को समझें तथा संगठन और जनता के बीच संवाद को और मजबूत बनाएं।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने विधायक हरेन्द्र सिंह द्वारा उपलब्ध कराई गई 11 स्कूटियां पात्र लाभार्थियों को वितरित कीं। कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामरतन, जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला, जिला प्रभारी नागेन्द्र शर्मा, बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, पूर्व जिलाध्यक्ष जवाहर सिंह सौरोत सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







