आईजीएन कॉलेज लाडवा को एसी व आधुनिक साउंड सिस्टम के लिए 21 लाख, ग्राम पंचायत भालड़ को हॉल निर्माण के लिए 11 लाख और श्री कृष्ण गौशाला सोसाइटी को 5 लाख का प्रदान किया चैक।
लाडवा, प्रमोद कौशिक 18 अक्टूबर : हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने आज लाडवा विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान विभिन्न संस्थाओं को विकास कार्यों के लिए कुल 37 लाख रुपए की राशि के चैक वितरित किए। आईजीएन कॉलेज लाडवा को एसी व आधुनिक साउंड सिस्टम के लिए 21 लाख, ग्राम पंचायत भालड़ को हॉल निर्माण के लिए 11 लाख और श्री कृष्ण गौशाला सोसाइटी को 5 लाख का चैक प्रदान किया गया।
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा, पंचायती राज संस्थाओं और जीव सेवा के कार्यों को समान रूप से प्राथमिकता दे रही है। लाडवा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास ही उनका मुख्य लक्ष्य है और इसके लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि आईजीएन कॉलेज महाविद्यालय के सभागार (ऑडिटोरियम) में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए एयर कंडीशनर और आधुनिक साउंड सिस्टम लगाने के लिए 21 लाख रुपए की राशि का चैक कॉलेज प्रबंधक को सौंपा गया। इससे विद्यार्थियों को सांस्कृतिक व शैक्षणिक कार्यक्रमों में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और कॉलेज का शैक्षणिक माहौल और सुदृढ़ होगा।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत भालड़ को गांव में सामुदायिक कार्यों के लिए बन रहे हॉल के निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए ग्राम पंचायत भालड़ को 11 लाख रुपए की राशि का चैक सरपंच को सौंपा गया। इस हॉल के बनने से गांव के सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक स्थायी स्थान उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि श्री कृष्ण गौशाला सोसायटी में गौ सेवा के कार्य को आगे बढ़ाने के लिए कमरों के निर्माण के लिए 5 लाख रुपए की राशि का चैक सोसायटी के पदाधिकारियों को सौंपा गया। गौ सेवा सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है और सरकार गौशालाओं के विकास के लिए निरंतर सहयोग कर रही है।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि यह राशि विकास कार्यों में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने सभी संस्थाओं के पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे इस राशि का सदुपयोग पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ करें।
इस मौके पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, चेयरमैन डा. गणेश दत्त, चेयरपर्सन साक्षी खुराना, जिला अध्यक्ष रमेश सैनी, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, पूनम सैनी सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।







