बैलेट पेपर से चुनाव कराए सरकार : संजय दत्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

तोशाम और हांसी में कांग्रेस का प्रदर्शन; राव नरेंद्र सिंह ने उठाए किसानों और युवाओं के मुद्दे

चंडीगढ़/तोशाम/हांसी, 18 अक्टूबर। कांग्रेस के ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत रविवार को तोशाम और हांसी में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी कर उनके प्रतीकात्मक पुतले जलाए गए। कांग्रेस नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मताधिकार की रक्षा की मांग करते हुए अभियान को गांवों और ब्लॉक स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।

हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि सरकार बैलेट पेपर से चुनाव कराने की हिम्मत दिखाए। निष्पक्ष चुनाव में जनता जो भी फैसला देगी, कांग्रेस उसका सम्मान करेगी। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता और जनता के मताधिकार से जुड़े सवालों का पारदर्शी समाधान होना चाहिए।

सवालों का जवाब दे भाजपा : संजय दत्त

संजय दत्त ने कांग्रेस के अभियान को ‘नौटंकी’ बताए जाने संबंधी अर्चना गुप्ता के कथित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए उठाई जा रही आवाज से उसे परेशानी क्यों है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान, लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनता के वोट की ताकत की रक्षा के लिए अभियान चला रही है। चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर उठ रहे सवालों पर जवाब देने के बजाय आंदोलन को बदनाम करना उचित नहीं है।

संजय दत्त ने कहा, “कांग्रेस की मांग स्पष्ट है कि देश में चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएं। निष्पक्ष चुनाव के माध्यम से सत्ता में आने वाली किसी भी सरकार के जनादेश का कांग्रेस सम्मान करेगी।”

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने वालों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह अभियान किसी एक दल के हित तक सीमित नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मताधिकार से जुड़ा है। पार्टी इसे गांव-गांव तक लेकर जाएगी।

संस्थाओं की विश्वसनीयता जरूरी : राव नरेंद्र

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को नौटंकी बताना भाजपा की हताशा दर्शाता है। विपक्ष यदि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाता सूची की विश्वसनीयता पर सवाल उठाता है, तो उनका जवाब दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जनता के वोट की रक्षा करना चुनाव आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी है। मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच तथा पारदर्शी समाधान होना चाहिए। लोकतांत्रिक व्यवस्था में सवालों का जवाब देना जिम्मेदारी है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस जनादेश का सम्मान करती है और चाहती है कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर जनता के मन में संदेह न रहे। पार्टी कार्यकर्ता संविधान और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाते रहेंगे।

फसल खरीद और रोजगार पर भी घेरा

राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों से किसान और युवा निराश हैं। किसान मंडियों में फसल बेचने के लिए परेशान हैं, जबकि युवा रोजगार और सुरक्षित भविष्य की तलाश में भटक रहे हैं।

अग्निवीर योजना पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवाओं ने सेना में भर्ती होकर देशसेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सेना में जाने का सपना देखने वाले युवाओं और उनके परिवारों के लिए रोजगार की स्थिरता तथा भविष्य की सुरक्षा अहम है। उन्होंने कहा कि अग्निवीरों की सेवा अवधि पूरी होने के बाद रोजगार को लेकर उठ रही चिंताओं पर सरकार को जवाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों को फसल का उचित मूल्य दिलाने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता बनाए रखने के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।

दोनों स्थानों पर कार्यकर्ताओं की भागीदारी

तोशाम में प्रदर्शन के दौरान वरुण मुलाना, अनिरुद्ध चौधरी, प्रदीप गुलिया, पूर्व विधायक शिवशंकर भारद्वाज, प्रदीप नरवाल, ब्लॉक अध्यक्ष दिलबाग, कुलदीप, जोगिंदर ग्रेवाल, अनिल नेहरा, दिनेश शास्त्री, प्रताप सरपंच, मास्टर कमल, शिव कुमार और अक्षित कुमार सहित अनेक नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हांसी में संजय दत्त, सांसद जयप्रकाश, जिला अध्यक्ष ब्रज लाल, विधायक चंद्रप्रकाश, विधायक नरेश सेलवाल, विधायक जस्सी पेटवाड़, केकेसी अध्यक्ष नरेश मलिक, डीएनटी टास्क फोर्स के अध्यक्ष डॉ. धन कुमार, कांग्रेस नेता करण सिंह बामल और वजीर सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। नेताओं ने मताधिकार, किसानों के अधिकारों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें