जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फरवरी 2027 से शुरू होने वाली जनसंख्या गणना के लिए तैयारियों की हुई समीक्षा, सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय और समयबद्ध तैयारी पर जोर

गुरुग्राम, 2 सितंबर। नगर निगम गुरुग्राम कार्यालय में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा के जनगणना संचालन निदेशक डॉ. ललित जैन ने की। उनके साथ निगमायुक्त प्रदीप दहिया व अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। दूसरा चरण फरवरी 2027 से शुरू होना प्रस्तावित है, जिसमें जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनगणना के दूसरे चरण के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए विभिन्न स्तरों पर की जा रही तैयारियों की समीक्षा करना तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करना रहा।

विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर हुई विस्तृत चर्चा

बैठक के दौरान जनगणना कार्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इनमें गणना कर्मियों को मानदेय का वितरण, प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता गतिविधियां, स्व-गणना की तैयारियां, शिक्षण स्टाफ के लिए फाउंडेशन कोर्स, परिपत्र संख्या-12 के अनुसार गणना ब्लॉक्स का निर्धारण/निर्माण शामिल रहे। इसके अलावा संस्थागत परिवारों एवं बेघर जनसंख्या की गणना तथा गणनाकर्ता एवं पर्यवेक्षक डेटाबेस तैयार करने तथा जनगणना गतिविधियों की नियमित निगरानी एवं पर्यवेक्षण से जुड़े विषयों की भी समीक्षा की गई।

समयबद्ध तैयारी और बेहतर समन्वय पर जोर

डॉ. ललित जैन ने विभिन्न स्तरों पर जनगणना की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण के शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियों को उचित योजना, आपसी समन्वय और समयबद्ध तरीके से पूरा करना जरूरी है। उन्होंने जनगणना से जुड़े सभी स्तरों पर जिम्मेदारियों को स्पष्ट रूप से तय करने तथा तैयारियों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि जनगणना कार्य के दौरान किसी प्रकार की समस्या न आए।

हर वर्ग की आबादी की पूर्ण कवरेज पर विशेष ध्यान

बैठक में संस्थागत परिवारों एवं बेघर जनसंख्या की गणना सहित आबादी के प्रत्येक वर्ग की पूर्ण कवरेज सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। जनगणना के दौरान कोई भी पात्र आबादी गणना से छूट न जाए, इसके लिए फील्ड स्तर पर उचित योजना एवं निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर चर्चा हुई।

प्रचार-प्रसार और स्व गणना पर जोर

जनगणना-2027 को लेकर नागरिकों में पर्याप्त जागरूकता पैदा करने के लिए प्रचार एवं जागरूकता अभियान को मजबूत करने पर भी चर्चा की गई। नागरिकों को जनगणना के महत्व तथा सही जानकारी उपलब्ध कराने की आवश्यकता के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही स्व गणना की तैयारियों की भी समीक्षा की गई, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस सुविधा के माध्यम से जनगणना प्रक्रिया में भागीदारी कर सकें।

फील्ड स्तर तक होगी नियमित निगरानी

बैठक में जनगणना गतिविधियों की प्रभावी निगरानी एवं पर्यवेक्षण के लिए नगर निगम, चार्ज स्तर तथा फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग मैकेनिज्म स्थापित करने पर चर्चा हुई। इसका उद्देश्य तैयारियों की निरंतर समीक्षा करने के साथ-साथ फील्ड स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करना है।

सफल जनगणना के लिए सभी स्तरों पर समन्वित प्रयास जरूरी

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि जनगणना-2027 के दूसरे चरण की सफलता के लिए बेहतर योजना, प्रभावी समन्वय, व्यापक जन-जागरूकता और नियमित निगरानी आवश्यक है। सभी संबंधित स्तरों पर तैयारियों को समय पर पूरा करने के साथ जनसंख्या की पूर्ण एवं सटीक गणना सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!