रेवाड़ी की विकास योजनाओं का हिसाब दें भाजपा विधायक : विद्रोही

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कहा—बताएं, बजट 2026 की कितनी घोषणाओं पर काम शुरू हुआ और कितना धन मिला

रेवाड़ी, 2 सितम्बर। स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने रेवाड़ी, बावल और कोसली के भाजपा विधायकों से जिले की विकास योजनाओं का परियोजनावार विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विधायक बताएं कि बजट 2026 में रेवाड़ी जिले के लिए कौन-कौन सी योजनाएं घोषित हुईं, उनमें से कितनी योजनाओं पर काम शुरू हुआ और प्रत्येक योजना के लिए कितनी राशि जारी की गई।

विद्रोही ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पिछले 12 वर्षों से रेवाड़ी सहित पूरे अहीरवाल को विकास के नाम पर भ्रमित कर रही है। सरकार नई परियोजनाओं की घोषणाएं कर वाहवाही तो लूटती है, लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध नहीं कराती। इसी कारण एक वर्ष में पूरे होने वाले अनेक विकास कार्य आठ से दस वर्ष तक अटके रहते हैं।

पुरानी योजनाओं का श्रेय लेने का आरोप

उन्होंने कहा कि राजमार्ग और रेलवे से जुड़ी कई परियोजनाएं कांग्रेस-यूपीए सरकार के समय घोषित होकर शुरू हुई थीं। केंद्र से मिलने वाले नियमित बजट के आधार पर चल रहे इन कार्यों को भाजपा के जनप्रतिनिधि अपनी उपलब्धि बताकर पेश कर रहे हैं। नियमित कार्यों को विशेष उपलब्धि बताना जनता को गुमराह करने के समान है।

विद्रोही ने रेवाड़ी जिले के तीनों भाजपा विधायकों और लोकसभा सांसद से यह भी बताने को कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में कौन-सी नई विकास परियोजनाएं मंजूर करवाईं और वर्तमान में उनकी जमीनी स्थिति क्या है। उन्होंने कहा कि जब तक जनप्रतिनिधि परियोजनावार विवरण सार्वजनिक नहीं करते, तब तक उन्हें विकास का झूठा श्रेय लेकर राजनीतिक लाभ उठाने से बचना चाहिए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!