चंडीगढ़ भाजपा कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अज्ञात स्रोत से मिला ई-मेल; पंजाब बंद का पालन नहीं करने पर कई शहरों में धमाकों की चेतावनी

चंडीगढ़, 21 अगस्त। चंडीगढ़ स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय को शुक्रवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। धमकी अज्ञात स्रोत से भेजे गए एक ई-मेल के माध्यम से दी गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ई-मेल में शुक्रवार को घोषित पंजाब बंद का उल्लेख करते हुए चेतावनी दी गई है कि जिन शहरों में दुकानें और अन्य प्रतिष्ठान खुले रहेंगे, वहां बम धमाके किए जा सकते हैं। ई-मेल में भाजपा कार्यालय को भी निशाना बनाने की धमकी दिए जाने की खबर है।

सूचना मिलते ही संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति तथा उसके स्रोत का पता लगाने के प्रयास तेज कर दिए हैं। खबर लिखे जाने तक किसी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक की बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।

उल्लेखनीय है कि बंदी सिखों की रिहाई तथा 15 अगस्त को चंडीगढ़-मोहाली सीमा पर प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में कौमी इंसाफ मोर्चा सहित विभिन्न संगठनों ने 21 अगस्त को पंजाब बंद का आह्वान किया है। बंद सुबह सात बजे से दोपहर दो बजे तक रखने की अपील की गई थी।

पुलिस ने धमकी को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि ई-मेल वास्तविक खतरे से जुड़ा है अथवा भय फैलाने के उद्देश्य से भेजा गया है। सुरक्षा एजेंसियां दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!