वार्ड-28 में दुकानदारों एवं नागरिकों को सिंगल-यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभाव और चार डस्टबिन के सही उपयोग की दी जानकारी, कपड़े के थैले भी वितरित

गुरुग्राम, 20 अगस्त। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा स्वच्छ, प्लास्टिक मुक्त एवं पर्यावरण अनुकूल गुरुग्राम के निर्माण के उद्देश्य से किसान भवन में व्यापारियों के साथ विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान में सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों तथा चार डस्टबिन के सही उपयोग के बारे में दुकानदारों एवं नागरिकों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन किसान मंडी खांडसा के चेयरमैन मान सिंह यादव के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में किया गया। अभियान में नगर निगम गुरुग्राम के स्वच्छ भारत मिशन ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिंदुस्तानी, आईईसी एक्सपर्ट प्रिंका यादव तथा हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कामेश सहित एमसीजी टीम एवं बाजार के प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता की।
सिंगल-यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान दुकानदारों एवं नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथिन से पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। व्यापारियों से प्लास्टिक बैग के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल एवं पुन: उपयोग किए जा सकने वाले विकल्पों को अपनाने की अपील की गई। जागरूकता को व्यवहार में बदलने के उद्देश्य से कार्यक्रम के दौरान जूट एवं कपड़े के थैले भी वितरित किए गए, ताकि लोग प्लास्टिक बैग के स्थान पर टिकाऊ विकल्पों का उपयोग कर सकें।
चार डस्टबिन के सही उपयोग पर विशेष जोर

एमसीजी की टीम ने प्राथमिक स्तर पर कचरे को अलग अलग करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। बाजार समुदाय को चार डस्टबिन के सही उपयोग तथा कचरे को निर्धारित श्रेणी के अनुसार अलग-अलग रखने की जानकारी दी। कचरे का सही तरीके से पृथक्करण करने से उसके उचित निस्तारण, पुनर्चक्रण एवं प्रसंस्करण में मदद मिलती है और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। अभियान के दौरान बाजार प्रतिनिधियों से स्वच्छता व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अपने प्रतिष्ठानों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को स्वच्छता बनाए रखने एवं सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की शपथ दिलाई गई। साथ ही जागरूकता एवं व्यवहार परिवर्तन को बढ़ावा देने के लिए कपड़े के थैलों का वितरण किया गया।
नगर निगम का उद्देश्य ऐसे जागरूकता अभियानों के माध्यम से नागरिकों एवं बाजार समुदाय को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना है। प्लास्टिक के जिम्मेदार उपयोग, कचरे के स्रोत पर पृथक्करण और नागरिक भागीदारी के माध्यम से गुरुग्राम को स्वच्छ, हरित एवं टिकाऊ शहर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।








