समाधान शिविर में एडीसी सोनू भट्ट ने अधिकारियों को दिए त्वरित निवारण के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*आमजन से समस्या के बारे में संवाद कर उसका निवारण करना ही समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य : एडीसी*

*जिला मुख्यालय पर एडीसी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान शिविर में शिकायतों का किया गया निवारण*

गुरुग्राम, 20 अगस्त- आमजन से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर लोगों के लिए राहत का प्रभावी माध्यम बनते जा रहे हैं। डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।

इसी कड़ी में गुरुवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित समाधान शिविर में एडीसी सोनू भट्ट ने आमजन की 13 शिकायतों की सुनवाई की तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखीं, जिनमें राजस्व, नगर निकाय, बिजली, जल निकासी एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी शिकायतें शामिल रहीं।

एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार न्याय के साथ समावेशी विकास एवं सुशासन के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। सरकार की नीतियों और योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से लोगों की शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी निवारण सुनिश्चित किया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से अध्ययन कर उसका समयबद्ध समाधान किया जाए, ताकि आमजन का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।

जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक जिला मुख्यालय तथा सभी उपमंडलों में समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं की सुनवाई करते हैं और उनके समाधान की प्रक्रिया को गति देते हैं। एडीसी ने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए समाधान शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त सपना यादव, एसीपी मुकेश कुमार, मेडिकल ऑफिसर प्रियंका, एटीपी ज्योति यादव, डिप्टी डीईओ गीता आर्या, दीप्ति, एसडीओ रविन्दर पाल सिंह, सुमन कश्यप, जेई हर्षित तथा इनवेस्टिगेटर संजय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!