वानप्रस्थ ने सिविल अस्पताल में बनवाया शेड, बच्चों और अभिभावकों को मिलेगी राहत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र में हर माह उपचार एवं परामर्श के लिए पहुंचते हैं 200 से अधिक बच्चे

हिसार, 20 अगस्त। वरिष्ठ नागरिक संस्था वानप्रस्थ ने जिला सिविल अस्पताल स्थित जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र के बाहर शेड का निर्माण करवाया है। इससे जन्मजात बीमारियों और विभिन्न विकासात्मक समस्याओं से ग्रस्त बच्चों तथा उनके अभिभावकों को धूप और खराब मौसम से राहत मिलेगी।

सिविल सर्जन डॉ. सपना गहलोत और जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र के चिकित्सकों ने अस्पताल का दौरा करने पहुंचे वानप्रस्थ के सदस्यों को बताया कि केंद्र में हर माह 18 वर्ष तक की आयु के 200 से अधिक बच्चों को उपचार एवं परामर्श के लिए लाया जाता है। बच्चों और अभिभावकों के बैठने की समस्या को देखते हुए संस्था ने केंद्र के बाहर शेड बनवाया है।

सिविल सर्जन डॉ. सपना गहलोत ने वानप्रस्थ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के कार्यों में सदैव अग्रणी रही है। संस्था पिछले चार वर्षों से टीबी रोगियों को प्रोटीनयुक्त पौष्टिक आहार भी उपलब्ध करवा रही है, जिससे अनेक रोगियों को स्वास्थ्य लाभ मिला है।

वानप्रस्थ के महासचिव डॉ. जे.के. डांग ने कहा कि संस्था समाजसेवा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए ऐसे कार्य जारी रखेगी। डॉ. अमृतलाल खुराना और अजीत सिंह ने चिकित्सकों को संस्था की विभिन्न सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी।

बच्चों को निःशुल्क जांच और उपचार

डिप्टी सीएमओ डॉ. सुभाष खत्रेजा और जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र की प्रभारी डॉ. ऋतु सिंगला ने बताया कि केंद्र में बच्चों की जन्मजात विकृतियों, पोषण संबंधी कमियों, बीमारियों, विकास में देरी और दिव्यांगता की जांच की जाती है। जन्मजात हृदय रोग, क्लबफुट, न्यूरल ट्यूब डिफेक्ट तथा कटे होंठ एवं तालू जैसी समस्याओं की पहचान कर आवश्यक उपचार और सर्जरी की व्यवस्था की जाती है।

केंद्र में बच्चों और उनके अभिभावकों को आवश्यक जांच, परामर्श, उपचार तथा रेफरल की सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।

डॉ. ऋतु सिंगला ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल हेल्थ टीमें आंगनबाड़ी केंद्रों, सरकारी विद्यालयों, प्रसव केंद्रों और अस्पतालों में नियमित स्क्रीनिंग करती हैं। इसका उद्देश्य बच्चों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर उपचार शुरू करवाना है।

पौधारोपण भी किया

कार्यक्रम में डॉ. सपना गहलोत ने वानप्रस्थ के सदस्यों को स्मृति-चिह्न और पौधा भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद संस्था के सदस्यों ने जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र परिसर में पौधारोपण किया।

इस अवसर पर डिप्टी सीएमओ डॉ. अनामिका, डॉ. अनिल आहूजा, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. पूजा और स्कूल हेल्थ के फार्मेसी अधिकारी राजन वर्मा सहित अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

वानप्रस्थ की ओर से डॉ. पुष्पा खरब, डॉ. राजपाल खरब, डॉ. रतनलाल कामरा, डॉ. एस.एस. डुडेजा, डॉ. सुषमा गांधी, सुनीता रहेजा, रामेश्वर गोदारा और सत्यवती देवी सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!