औद्योगिक इकाइयों में योग और स्वास्थ्य विराम से बढ़ेगी श्रमिकों की कार्यक्षमता : विनोद बापना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा सरकार की ‘वाई-ब्रेक’ पहल का स्वागत, उद्योगों से नियमित कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने का आह्वान

गुरुग्राम (जतिन राजा)। कैपारो मारुति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एवं हरियाणा सरकार की उद्योग-श्रमिक मैत्री परिषद के वरिष्ठ सदस्य विनोद बापना ने औद्योगिक इकाइयों में प्रतिदिन पांच मिनट का ‘वाई-ब्रेक’ शुरू करने की हरियाणा सरकार की पहल का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर छोटे स्वास्थ्य विराम और योगाभ्यास की व्यवस्था से श्रमिकों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ औद्योगिक उत्पादकता भी बेहतर होगी।

विनोद बापना ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में कर्मचारी और श्रमिक लंबे समय तक लगातार काम करते हैं। ऐसे में कुछ मिनट का योग, हल्का व्यायाम और श्वास अभ्यास उन्हें थकान व तनाव से राहत देने के साथ नई ऊर्जा प्रदान कर सकता है। योग को केवल स्वास्थ्य संबंधी गतिविधि न मानकर स्वस्थ और सकारात्मक कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं ऊर्जावान कर्मचारी किसी भी उद्योग की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। नियमित स्वास्थ्य विराम से कर्मचारियों की एकाग्रता, कार्यक्षमता और मनोबल में सुधार होगा। इसका सकारात्मक प्रभाव उत्पादन और उसकी गुणवत्ता पर भी पड़ेगा।

विनोद बापना ने कहा कि हरियाणा सरकार की यह पहल ‘स्वस्थ श्रमिक, मजबूत उद्योग’ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। औद्योगिक संस्थानों को इसे सकारात्मक रूप से अपनाते हुए योग, स्वास्थ्य जागरूकता और शारीरिक सक्रियता को अपनी नियमित कार्यसंस्कृति में शामिल करना चाहिए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!