*राजनीतिक दल बीएलए के माध्यम से बीएलओ को दें सहयोग, पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ना और अपात्र नामों को हटाना अभियान का उद्देश्य : मंडल आयुक्त*
गुरुग्राम, 19 अगस्त। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत मतदाता सूचियों में दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण तथा नोटिस प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा को लेकर लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में मंडल आयुक्त रवि प्रकाश गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी उत्तम सिंह भी मौजूद रहे।
बैठक में जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में एसआईआर के तहत चल रही कार्रवाई, नोटिस जारी करने, सुनवाई, दस्तावेजों के सत्यापन तथा पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने से संबंधित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
*राजनीतिक दल बीएलए के माध्यम से बीएलओ को दें सहयोग : मंडल आयुक्त*
मंडल आयुक्त रवि प्रकाश गुप्ता ने कहा कि एसआईआर की पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से आह्वान किया कि वे एसआईआर के तहत नोटिस जारी करने और सत्यापन की प्रक्रिया में अपने बीएलए-1 तथा बीएलए-2 के माध्यम से संबंधित बीएलओ को पूरा सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी से प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इस पूरे अभियान का मूल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो और कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक दावे एवं आपत्ति को निर्धारित नियमों और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर निष्पक्षता से जांचा जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। मंडल आयुक्त ने कहा कि नोटिस जारी करने, संबंधित व्यक्ति को अपना पक्ष रखने का अवसर देने, दस्तावेजों की जांच तथा सुनवाई की प्रक्रिया में निर्धारित समय-सीमा का पालन किया जाए।
*शिक्षण संस्थानों से समन्वय कर नए मतदाताओं के फॉर्म-6 भरवाएं : डीसी*
डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि एसआईआर अभियान के दौरान अधिक से अधिक पात्र नए मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए शिक्षा विभाग विशेष रूप से सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने निर्देश दिए कि शिक्षा विभाग जिले में संचालित सभी शिक्षण संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर 1 जुलाई 2026 को अहर्ता तिथि मानते हुए ऐसे सभी विद्यार्थियों की पहचान करे, जो उक्त तिथि को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं अथवा 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं और मतदाता के रूप में पंजीकरण के पात्र हैं। ऐसे सभी पात्र विद्यार्थियों से नए मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरवाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए, ताकि एसआईआर अभियान के तहत अधिक से अधिक नए मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल किया जा सके। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों के माध्यम से युवाओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया के प्रति जागरूक भी किया जाए।
*नोटिस और सुनवाई की प्रक्रिया में न हो अनावश्यक विलंब*
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि दावों एवं आपत्तियों से संबंधित मामलों में नोटिस जारी करने तथा सुनवाई की प्रक्रिया को समानांतर रूप से आगे बढ़ाया जाए। नोटिस जारी होने के बाद सुनवाई के लिए निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा का पालन किया जाए, ताकि मामलों के निस्तारण में देरी न हो। साथ ही, प्रत्येक मामले में आवश्यक दस्तावेजों एवं उपलब्ध रिकॉर्ड्स का नियमानुसार सत्यापन किया जाए।
अधिकारियों ने बैठक में एसआईआर के तहत अपने-अपने क्षेत्र की प्रगति, लंबित मामलों, नोटिस जारी करने की स्थिति तथा सुनवाई से संबंधित तैयारियों की जानकारी दी। मंडल आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करें।
बैठक में बादशाहपुर के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम संजीव सिंगला, पटौदी के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम दिनेश लुहाच, गुरुग्राम के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम हितेंद्र कुमार, सोहना के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम अखिलेश यादव, इलेक्शन तहसीलदार राजेंद्र हुडा सहित अन्य अधिकारी तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।








