राव नरेंद्र सिंह बोले—अस्थायी रोजगार के चक्र में युवाओं को फंसा रही भाजपा सरकार
हुड्डा ने कहा—वर्षों तक सेवा लेने के बाद कर्मचारियों को अस्थायी रखना अन्याय

पंचकूला/चंडीगढ़, 19 अगस्त। हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के कर्मचारियों को नियमित करने, समान काम-समान वेतन और नौकरी की सुरक्षा देने की मांग को लेकर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित निगम कार्यालय के बाहर धरना दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश के हजारों युवा और कर्मचारी विभिन्न सरकारी विभागों में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, लेकिन उन्हें स्थायी रोजगार, समान वेतन और सामाजिक सुरक्षा जैसे अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है। सरकार को एचकेआरएन कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए उन्हें नियमित करने की ठोस नीति बनानी चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने स्थायी रोजगार देने के बजाय युवाओं को अस्थायी रोजगार के चक्र में फंसा दिया है। एचकेआरएन कर्मचारियों से लंबे समय से काम लिया जा रहा है, लेकिन उन्हें रोजगार में स्थायित्व और सामाजिक सुरक्षा नहीं दी जा रही।
उन्होंने कहा, “युवाओं को रोजगार देना सरकार की जिम्मेदारी है, उनका शोषण करना नहीं।” कांग्रेस कर्मचारियों की आवाज सड़क से लेकर विधानसभा और प्रत्येक लोकतांत्रिक मंच पर उठाती रहेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को स्थायी रोजगार और सम्मानजनक भविष्य देना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। कर्मचारियों से वर्षों तक सेवाएं लेने के बाद भी उन्हें अस्थायी बनाए रखना अन्याय है। सरकार को कर्मचारियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।

धरना कार्यक्रम के संयोजक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक अरोड़ा ने कहा कि एचकेआरएन कर्मचारियों की समस्याएं केवल कर्मचारियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रदेश के लाखों परिवारों के भविष्य से जुड़ी हैं। सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य एवं सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश के युवाओं ने पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं और मेहनत के बाद रोजगार हासिल किया है, लेकिन भाजपा सरकार रोजगार के नाम पर अस्थायी व्यवस्था को बढ़ावा दे रही है। एचकेआरएन कर्मचारियों को स्थायी भविष्य और सम्मानजनक सेवा शर्तें मिलनी चाहिए।
धरने को पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान, लोकसभा सांसद वरुण मुलाना, राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध, विधायक बीबी बत्रा, गीता भुक्कल, आफताब अहमद और आदित्य सुरजेवाला सहित अनेक कांग्रेस नेताओं ने भी संबोधित किया।








