सफाई कर्मचारियों से किए वादे तत्काल पूरे करे सरकार : सैलजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कहा—सरकार की वादाखिलाफी से आंदोलन को मजबूर कर्मचारी, हड़ताल के कारण शहरों में लगे कचरे के ढेर

सिरसा। सिरसा की सांसद एवं कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा ने प्रदेश सरकार से सफाई कर्मचारियों के साथ किए गए वादों को तत्काल पूरा करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार की वादाखिलाफी के कारण सफाई कर्मचारियों को बार-बार आंदोलन और हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। इसका खामियाजा कर्मचारियों के साथ-साथ आम जनता को भी भुगतना पड़ रहा है।

सैलजा ने कहा कि सफाई कर्मचारी प्रदेश की स्वच्छता व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गरीब और मेहनतकश कर्मचारियों की जायज मांगों को लंबे समय तक लंबित रखना उनके साथ अन्याय है। बातचीत और समझौतों के दौरान सरकार ने जो आश्वासन दिए थे, उन्हें केवल कागजों और घोषणाओं तक सीमित रखने के बजाय तुरंत लागू किया जाना चाहिए।

शहरों में बीमारी फैलने का खतरा

सांसद ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण सिरसा सहित प्रदेश के अनेक शहरों की सड़कों और बाजारों में कचरे के ढेर लग गए हैं। इससे दुर्गंध और गंदगी बढ़ने के साथ बीमारियां फैलने का खतरा भी पैदा हो गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की मांगों का सम्मानजनक समाधान निकालकर हड़ताल समाप्त करवानी चाहिए। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में विशेष सफाई अभियान चलाकर शहरों को गंदगी से निजात दिलाई जाए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!