मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने नैगोशिएशन कर तय से कम दरों में खरीद को दी हरी झंडी
लाइनमैन व सहायक लाइनमैनों को मिलेंगी सुरक्षा उपकरणों की विशेष टी एंड पी किट

चंडीगढ़, 17 अगस्त। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में सोमवार को हरियाणा निवास में हुई हाई पावर्ड परचेज कमेटी (एचपीपीसी) की बैठक में प्रदेश की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने हेतु बिजली निगमों के लिए 26161 ट्रांसफार्मर्स की खरीद को हरी झंडी दी गई। इसके साथ ही प्रदेश में कार्यरत लाइनमैन व सहायक लाइनमैनों की सुरक्षा के लिए 5000 से 7500 की संख्या में टी एंड पी किट की खरीद को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री विपुल गोयल, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। इस दौरान हाई पावर्ड वर्क्स परचेज कमेटी द्वारा विभिन्न बिजलीघरों में जीआईएस-बे के निर्माण कार्य को भी स्वीकृति प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से नैगोशिएशन करते हुए ट्रांसफार्मर्स व सुरक्षा किट की खरीद तथा जीआईएस-बे के निर्माण कार्य के लिए फर्मों के साथ निर्धारित से भी कम दरों पर सहमति कायम की।
एचपीपीसी की बैठक में डीएचबीवीएन के लिए थ्री-फेस के 11केवी/433-250वी, 400 केवीए के 100 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर्स, एचवीपीएनएल के लिए 40/50 एमवीए, 132/33 केवी के 28 पावर ट्रांसफामर्स, 25/33.5 एमवीए, 66/11 केवी के 33 पावर ट्रांसफामर्स तथा यूएचबीवीएनएल के लिए 100 केवीए के 26000 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफामर्स की खरीद को हरी झंडी दी गई।
इसके अलावा दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम व उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम में कार्यरत लाइनमैन व सहायक लाइनमैन की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए सरकार द्वारा पहली बार 5000 से 7500 की संख्या में विशेष टी एंड पी किट खरीदी जाएंगी जिसमें 14 आइटम होंगे। इनके अलावा हाई पावर्ड वर्क्स परचेज कमेटी द्वारा विभिन्न बिजलीघरों में 81 करोड़ रुपये की लागत से जीआईएस-बे का निर्माण कार्य करवाने की भी स्वीकृति प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेशवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा बिजली व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की ओर विशेष ध्यान दे रही है। सरकार का प्रयास है कि जहां जरूरत हों वहां पर्याप्त संख्या में ट्रांसफामर्स उपलब्ध करवाए जाएं और एमरजेंसी के लिए भी सभी बिजली निगमों के पास पर्याप्त बैकअप मौजूद हो। उन्होंने कहा कि बिजली निगमों में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा भी सरकार की प्राथमिकता है। इसी के मद्देनजर आज हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक में प्रदेश के लिए ट्रांसफामर्स तथा सुरक्षा किट को प्राथमिकता के आधार पर हरी झंडी दी गई है।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विजयेंद्र कुमार, ऊर्जा विभाग की आयुक्त एवं सचिव श्रीमती आशीमा बराड़, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के महानिदेशक श्री यश गर्ग, हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लि. के प्रबंध निदेशक तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया तथा ऊर्जा विभाग के विशेष सचिव श्री विक्रम सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।








