रोहतक में कांग्रेस का संगठनात्मक मंथन, कार्यकर्ताओं से किया सीधा संवाद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह ने चारों विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं से जानी जमीनी स्थिति

भाजपा सरकार घोषणाओं और प्रचार तक सीमित, जनता की समस्याओं का करे समाधान : राव नरेंद्र सिंह

चंडीगढ़/रोहतक, 17 अगस्त। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को रोहतक में संगठनात्मक बैठकों का आयोजन किया गया। इस दौरान गढ़ी-सांपला-किलोई, महम, कलानौर और रोहतक विधानसभा क्षेत्रों के कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से संवाद कर पार्टी की गतिविधियों, जमीनी स्तर पर संगठन की मजबूती और जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

इसके साथ ही रोहतक ग्रामीण और रोहतक शहरी जिला कांग्रेस कमेटियों की कार्यकारिणी की अलग-अलग बैठकें भी हुईं। बैठकों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने तथा जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा की जनता महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, युवाओं के रोजगार और सरकारी कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर परेशान है। भाजपा सरकार को केवल घोषणाओं और प्रचार तक सीमित रहने के बजाय जनता की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की आवाज बनकर प्रत्येक गांव और वार्ड तक पहुंचेंगे तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे। कांग्रेस का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के साथ सीधे जुड़ाव से ही मजबूत होगा।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि विधानसभा और जिला स्तर की बैठकों का उद्देश्य प्रत्येक कार्यकर्ता से संवाद स्थापित कर पार्टी की जमीनी गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की प्राथमिकता जनता के अधिकारों की रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती और समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज को राजनीतिक मंच उपलब्ध कराना है।

बैठक में विधायक भारत भूषण बत्रा, शकुंतला खटक और बलराम डांगी, रोहतक ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलवान सिंह रंगा, रोहतक शहरी जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह, पूर्व मंत्री आनंद सिंह दांगी व सुभाष बत्रा, पूर्व विधायक संतलाल सहित जिला एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!