सोमवार को एमसीजी का अतिक्रमण हटाओ अभियान चला, कई क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सदर बाजार, न्यू कॉलोनी, मदनपुरी मार्केट रोड, फिरोज गांधी कॉलोनी, हीरो होंडा चौक-खांडसा मंडी, धनकोट, सेक्टर 59 व बादशाहपुर में हटाए गए अतिक्रमण; सार्वजनिक रास्तों को बाधामुक्त करने पर जोर

गुरुग्राम, 17 अगस्त। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए चलाया जा रहा विशेष इंफोर्समेंट अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में निगम की विभिन्न टीमों ने सदर बाजार, न्यू कॉलोनी, मदनपुरी मार्केट रोड, फिरोज गांधी कॉलोनी, हीरो होंडा चौक से खांडसा मंडी, श्याम चौक धनकोट के आसपास, सेक्टर 59 तथा बादशाहपुर की 33 फुट चौड़ी फिरनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।

अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथों एवं रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों की सुगम आवाजाही, बेहतर यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों का व्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित करना है।

इंफोर्समेंट टीमों ने सदर बाजार एवं न्यू कॉलोनी क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान अनधिकृत कब्जों एवं अस्थायी ढांचों को हटाया गया तथा सार्वजनिक रास्तों को बाधामुक्त कराया गया। व्यस्त बाजार क्षेत्र होने के कारण यहां अतिक्रमण हटाने से पैदल यात्रियों एवं वाहन चालकों की आवाजाही को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

मदनपुरी मार्केट रोड से फिरोज गांधी कॉलोनी एवं न्यू कॉलोनी रोड की ओर भी विशेष इंफोर्समेंट ड्राइव चलाई गई। कार्रवाई के दौरान दुकानों एवं होटलों के सामने बनाए गए अस्थायी शेड, अनाधिकृत एक्सटेंशन और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाए गए। वहीं, हीरो होंडा चौक से खांडसा मंडी तक भी इंफोर्समेंट ड्राइव के दौरान सड़क किनारे किए गए अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की गई। यह मार्ग शहर के प्रमुख व्यस्त मार्गों में शामिल है। यहां अतिक्रमण हटाने का उद्देश्य सड़क की उपलब्ध चौड़ाई को बेहतर बनाना तथा यातायात एवं नागरिकों की आवाजाही में आने वाली बाधाओं को दूर करना है।

जोन-3 के श्याम चौक, धनकोट एवं आसपास के क्षेत्रों में भी नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। दुकानों, होटलों एवं सड़क किनारे ढाबों के सामने बनाए गए अस्थायी शेड एवं अनाधिकृत एक्सटेंशन हटाए गए। निगम द्वारा ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जहां सार्वजनिक सड़क अथवा फुटपाथ का उपयोग निजी गतिविधियों के लिए किया जा रहा है।

बादशाहपुर में नगर निगम द्वारा 33 फुट चौड़ी फिरनी से भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। सार्वजनिक रास्ते को बाधामुक्त कराने के उद्देश्य से किए गए इस अभियान से स्थानीय लोगों की आवाजाही को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। निगम की टीम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक रास्तों एवं फिरनी पर किसी भी प्रकार का अनधिकृत कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही संबंधित दुकानदारों, व्यापारियों एवं अन्य लोगों से अपील की जा रही है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अनधिकृत रूप से शेड, एक्सटेंशन, सामान या अन्य ढांचे न लगाएं।

नगर निगम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने का अभियान किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा। शहर के विभिन्न जोन में चिन्हित अतिक्रमणों और अनाधिकृत कब्जों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। एमसीजी का लक्ष्य सार्वजनिक रास्तों को बाधामुक्त करने के साथ-साथ व्यवस्थित यातायात, सुरक्षित पैदल आवागमन और बेहतर नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करना है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!