गुरुग्राम के ऑटो स्टैंडों पर हर्षोल्लास से मनाया स्वतंत्रता दिवस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा ऑटो चालक संघ ने की अगले वर्ष तक 100 स्थायी ऑटो स्टैंड बनाने की मांग

गुरुग्राम। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हरियाणा ऑटो चालक संघ (भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध) की ओर से शहर के विभिन्न ऑटो स्टैंडों पर ध्वजारोहण समारोह उत्साह, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में आयोजित किए गए। यूनियन पदाधिकारियों ने ऑटो चालकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

एच-क्यू 27 ऑटो स्टैंड पर संघ के प्रदेश अध्यक्ष महीपाल तंवर और अजय कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। गैलेरिया मार्केट ऑटो स्टैंड पर संघ के कोषाध्यक्ष नवीन कुमार तथा यातायात पुलिस के जोनल अधिकारी ने कार्यक्रम में भाग लिया।

हीरो होंडा चौक ऑटो स्टैंड पर प्रदेश मंत्री मुकेश प्रधान खांडसा और प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार राघव तथा एंबियंस मॉल ऑटो स्टैंड पर भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष योगेश शर्मा मुख्य अतिथि रहे।

समारोहों के दौरान देशभक्ति के नारों और भारत माता के जयघोष से ऑटो स्टैंड गूंज उठे। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ऑटो चालकों के साथ यूनियन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ईमानदार एवं जिम्मेदार चालक सम्मानित

इस अवसर पर ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने वाले ऑटो चालकों को सम्मानित किया गया। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि ऑटो चालक प्रतिदिन लाखों यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाकर शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ईमानदार और जिम्मेदार चालकों को सम्मानित करने से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।

गैलेरिया मार्केट ऑटो स्टैंड पर स्थानीय यातायात पुलिस अधिकारियों ने ध्वजारोहण किया। यूनियन की ओर से पुलिस अधिकारियों का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया गया।

अगले वर्ष तक बनाए जाएं 100 स्थायी स्टैंड

हरियाणा ऑटो चालक संघ ने प्रदेश सरकार और नगर निगम गुरुग्राम से मांग की कि अगले स्वतंत्रता दिवस तक शहर में ऑटो चालकों एवं यात्रियों की सुविधा के लिए 100 स्थायी ऑटो स्टैंड बनाए जाएं।

संघ ने कहा कि संगठन का उद्देश्य ऑटो चालकों के अधिकारों और समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करने के साथ उनमें कर्तव्यबोध, अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना भी है।

कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए यूनियन ने गुरुग्राम के सभी ऑटो स्टैंडों के प्रधानों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और ऑटो चालकों का आभार व्यक्त किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!