हांसी में प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज की एसयूसीआई ने की निंदा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जीवन कुंडू हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग

गुरुग्राम, 15 अगस्त। सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) [एसयूसीआई (सी)] की हरियाणा राज्य कमेटी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हांसी में न्याय की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस के कथित लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की है। पार्टी ने जीवन कुंडू हत्याकांड के मुख्य आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है।

पार्टी के राज्य सचिव कॉमरेड राजेंद्र सिंह ने जारी बयान में कहा कि कुछ दिन पहले जीवन कुंडू की नृशंस हत्या कर दी गई थी, लेकिन मामले के मुख्य आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पीड़ित परिवार और स्थानीय लोग लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने स्वतंत्रता दिवस समारोह में हांसी पहुंचे मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी गुहार लगाने का फैसला किया था।

राजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों को मुख्यमंत्री से मिलने देने के बजाय पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया, जिससे कई लोगों के सिर फूट गए और वे घायल हो गए। उन्होंने कहा कि आजादी के राष्ट्रीय पर्व पर शांतिपूर्ण ढंग से न्याय मांग रही जनता के प्रति इस प्रकार का रवैया शर्मनाक और अलोकतांत्रिक है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अपराधियों को पकड़ने के स्थान पर पीड़ितों और न्याय की आवाज उठाने वाले लोगों पर लाठियां चलाई जा रही हैं। आजादी के 80वें वर्ष में भी ब्रिटिश शासन जैसी दमनकारी नीति का इस्तेमाल बेहद गंभीर और चिंताजनक है।

एसयूसीआई की प्रमुख मांगें
  • जीवन कुंडू हत्याकांड के मुख्य आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए।
  • मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाए।
  • प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) ने कहा कि पार्टी पीड़ित परिवार और न्याय के लिए संघर्ष कर रहे नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ी है तथा न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!