स्वतंत्रता दिवस पर ICAT में आत्मनिर्भरता और अनुसंधान एवं विकास के संकल्प पर जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

तकनीकी आत्मनिर्भरता के लिए अत्याधुनिक तकनीक, नवाचार और स्वदेशी R&D को बढ़ावा देने का आह्वान

गुरुग्राम, 15 अगस्त 2026: इंटरनेशनल सेंटर फॉर ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी (ICAT) में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ICAT परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर ICAT के निदेशक श्री सौरभ दलेला ने अपने संबोधन में भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता को मजबूत करने तथा अनुसंधान एवं विकास (R&D) को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए देश को अत्याधुनिक तकनीक, नवाचार और स्वदेशी अनुसंधान के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ना होगा।

श्री दलेला ने कहा कि ऑटोमोटिव और मोबिलिटी क्षेत्र में आत्मनिर्भरता केवल उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि अत्याधुनिक तकनीकों के स्वदेशी विकास, परीक्षण, सत्यापन और प्रमाणन की क्षमता विकसित करना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने ICAT के वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और तकनीकी विशेषज्ञों से अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों को और गति देने तथा वैश्विक स्तर की तकनीकी क्षमताओं के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि R&D, Innovation और Indigenous Technology Development भारत को वैश्विक ऑटोमोटिव एवं मोबिलिटी क्षेत्र में एक मजबूत तकनीकी शक्ति बनाने के प्रमुख आधार हैं। ICAT सुरक्षित, स्वच्छ, कनेक्टेड, इलेक्ट्रिफाइड और भविष्य की मोबिलिटी तकनीकों के क्षेत्र में परीक्षण, प्रमाणन, अनुसंधान एवं तकनीकी सेवाओं के माध्यम से देश की तकनीकी आत्मनिर्भरता में योगदान दे रहा है।

भारतीय सेना के अनुभवों से कर्नल सुधीर चौधरी ने किया प्रेरित

कार्यक्रम में ICAT के HR Head कर्नल सुधीर चौधरी ने भी अपने संबोधन से उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रेरित किया। उन्होंने भारत के इतिहास, संस्कृति और उपलब्धियों से जुड़े कई रोचक एवं ज्ञानवर्धक तथ्यों को साझा किया। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने भारतीय सेना में अपनी सेवा के अनुभवों को भी साझा किया और अनुशासन, नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा तथा राष्ट्रसेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उनके अनुभवों ने कार्यक्रम में देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।

I-Khel का शुभारंभ, खेल भावना और टीमवर्क की शपथ

इस अवसर पर ICAT में कर्मचारियों के बीच प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली ‘I-Khel’ खेल प्रतियोगिता का भी शुभारंभ किया गया। I-Khel का आयोजन प्रत्येक वर्ष 15 अगस्त से 26 जनवरी तक चलता है। इसका उद्देश्य कर्मचारियों के बीच खेल भावना, टीमवर्क, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देना है।

I-Khel के प्रति उत्साहवर्धन और समर्थन व्यक्त करते हुए ICAT के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने की शपथ भी ली।

कार्यक्रम के अंत में ICAT के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की प्रगति, तकनीकी आत्मनिर्भरता और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प दोहराया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!