‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा हरियाणा: नायब सिंह सैनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

80वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हांसी में फहराया राष्ट्रीय ध्वज, विस्तार से गिनाईं हरियाणा की विकास उपलब्धियां

चंडीगढ़, 15 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हांसी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस तथा तीज पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी तथा आजादी के बाद राष्ट्र की रक्षा के लिए बलिदान देने वाले ज्ञात-अज्ञात शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हरियाणा ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर देश की सीमाओं की रक्षा तक हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है।

मुख्यमंत्री ने कॉमलवेल्थ खेलों के सिल्वर मेडल विजेता हांसी के बॉक्सर नरेंद्र बेरवाल को सम्मानित किया और सर्विस सिक्योरिटी एक्ट के तहत 9 स्थानीय युवाओं को रोजगार गारंटी प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस दौरान स्कूली बच्चों की टीमों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए तथा एचपीए, मधुबन के पुलिस कर्मियों ने भी प्रभावशाली शो प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने परेड़ की सलामी ली और हरियाणा की विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने वर्तमान सरकार द्वारा किए गए कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि आज प्रदेश ‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ के संकल्प के साथ तेज गति से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हांसी प्रदेश का 23वां जिला बना है और उन्हें यहां स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण करने का सौभाग्य मिला है। हांसी के विकास के लिए प्रशासनिक कार्यों के सुचारू संचालन हेतु 471 पद स्वीकृत किए गए हैं तथा 50 बिस्तरों वाले अस्पताल को अपग्रेड कर 100 बिस्तरों का किया गया है। विकास कार्यों को गति देने के लिए लोक निर्माण विभाग के नए मंडल और उपमंडल भी स्थापित किए गए हैं।

‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान:

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले लगभग 12 वर्षों में हरियाणा का विकास समानता, समरसता और सहिष्णुता के साथ हुआ है तथा सरकार के प्रयासों से आम आदमी का जीवन अधिक सरल, सुगम और सुरक्षित हुआ है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि महान सांस्कृतिक परंपराओं और उच्च नैतिक मूल्यों को अपनाते हुए ‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ के निर्माण के लिए कठोर परिश्रम करने का संकल्प लें।

‘बिना खर्ची-बिना पर्ची’ युवाओं को मिल रहा रोजगार:

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले लगभग 12 वर्षों में व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के साथ सेवाओं और योजनाओं का लाभ लोगों को घर-द्वार तक पहुंचाया है। विधानसभा चुनाव के संकल्प-पत्र में किए गए 217 संकल्पों में से 70 संकल्प पिछले डेढ़ वर्ष में पूरे किए जा चुके हैं, जबकि 147 पर कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि ई-गवर्नेंस के माध्यम से भ्रष्टाचार और बिचौलियों पर प्रभावी प्रहार किया गया है। ‘बिना खर्ची-बिना पर्ची’ के पारदर्शी भर्ती तंत्र, ऑनलाइन रजिस्ट्री, ऑनलाइन तबादला नीति और पढ़ी-लिखी पंचायतें नए हरियाणा की पहचान बन रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले लगभग 12 वर्षों में ‘बिना खर्ची-बिना पर्ची’ के 2 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। पिछले डेढ़ वर्ष में ही लगभग 43 हजार युवाओं को रोजगार मिला है। प्रदेश के 1 लाख 56 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया गया है। युवाओं को रोजगार देने वाला बनाने के उद्देश्य से नई हरियाणा प्रगतिशील एम.एस.एम.ई. एवं निर्यात संवर्धन नीति-2026 लागू की गई है, जिसके तहत 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक निवेश और 5 लाख से अधिक नए रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है।

किसानों के हित में किए बड़े फैसले:

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसान सरकार की नीतियों के केंद्र में हैं। हरियाणा में लगभग 24 हजार किसानों ने 44 हजार एकड़ भूमि पर प्राकृतिक खेती अपनाई है। राज्य में 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है। अब तक 12 लाख किसानों के खातों में फसल खरीद के सीधे 1 लाख 86 हजार करोड़ रुपये डाले जा चुके हैं। पिछले लगभग 12 वर्षों में किसानों को फसल खराबे के मुआवजे के रूप में 16 हजार करोड़ रुपये दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि किसानों को नकली खाद, बीज और कीटनाशकों से बचाने के लिए नया कानून बनाया गया है। साथ ही, आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है और ड्रोन, रिमोट सेंसिंग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित निर्णय प्रणाली तथा डिजिटल खेती जैसी तकनीकों को किसानों तक पहुंचाया जा रहा है।

गरीब, वंचित और जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक सुरक्षा:

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। पिछड़ा वर्ग की क्रीमीलेयर आय सीमा 6 लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये की गई है। मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के तहत बेटियों की शादी के लिए 71 हजार रुपये तक की सहायता दी जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1 लाख 56 हजार मकान दिए गए हैं, जबकि मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत शहरों और गांवों में लगभग 32 हजार गरीब परिवारों को प्लॉट दिए गए हैं। सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर 3,200 रुपये प्रतिमाह की गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत 1 लाख 53 हजार सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। दयालु योजना के तहत 83,536 परिवारों को 3,152 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है।

महिला सशक्तिकरण को मिली नई गति:

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महिलाएं समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उनका सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक उत्थान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी’ योजना के तहत बहन-बेटियों को हर माह 2,100 रुपये की वित्तीय सहायता दी जा रही है। अब तक लगभग 10 लाख महिलाओं को 2,042 करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स की भागीदारी 50 प्रतिशत तक पहुंच गई है जिसे 60 प्रतिशत करने के लिए नई नीति लागू की गई है। ‘हर घर हर गृहिणी’ योजना के तहत लगभग 15 लाख परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया गया है। प्रदेश में 500 महिला सांस्कृतिक केंद्र खोले जा चुके हैं तथा स्नातकोत्तर स्तर तक लड़कियों को मुफ्त शिक्षा दी जा रही है।

शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य पर विशेष जोर:

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हर 20 किलोमीटर पर एक कॉलेज तथा हर 10 किलोमीटर पर एक पीएमश्री या संस्कृति मॉडल स्कूल स्थापित किया गया है। हरियाणा के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। ग्लासगो में सम्पन्न राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा के 23 खिलाड़ियों ने देश का प्रतिनिधित्व किया और अपने दमखम व खेल कौशल से 10 पदक देश की झोली में डाले जिनमें से 7 स्वर्ण पदक थे। इसी प्रकार पेरिस ओलंपिक-2024 में भारत द्वारा जीते गए छह पदकों में से पांच पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते, जबकि टोक्यो ओलंपिक-2020 में भारत के सात पदकों में से चार पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते थे। पदक विजेता खिलाड़ियों को 6 करोड़ रुपये तक नकद पुरस्कार और सरकारी नौकरी दी जा रही है।

स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 18 मेडिकल कॉलेज हैं, जिनमें 12 मेडिकल कॉलेज पिछले 12 वर्षों में बने हैं और पांच अन्य मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन हैं। प्रदेश के 16 जिला नागरिक अस्पतालों को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा चुका है। सभी सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में किडनी रोगियों के लिए निःशुल्क डायलिसिस की सुविधा सुनिश्चित की गई है। आयुष्मान भारत-चिरायु योजना के तहत लगभग 30 लाख लोगों का 4,226 करोड़ रुपये की राशि से मुफ्त इलाज कराया गया है।

उद्योग और निवेश के लिए हरियाणा बना पसंदीदा गंतव्य:

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ‘मेक इन हरियाणा औद्योगिक नीति-2026’ और नौ अन्य क्षेत्रीय नीतियों के माध्यम से अगले पांच वर्षों में 5 लाख करोड़ रुपये का नया निवेश आकर्षित करने तथा 10 लाख रोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है। नीति के प्री-लॉन्च कार्यक्रम में ही 110 कंपनियों के साथ 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों के एमओयू हुए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुरुग्राम ग्लोबल सिटी, नारनौल लॉजिस्टिक्स हब, हिसार मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और सोहना इलेक्ट्रॉनिक्स पार्क जैसी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। पिछले लगभग 12 वर्षों में प्रदेश में 15 लाख 54 हजार सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग स्थापित हुए हैं, जिनमें 97 लाख लोगों को रोजगार मिला है।

गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार:

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों के विकास के लिए चालू वित्त वर्ष में 8,704 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। 6 हजार से अधिक गांवों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जा रही है और 30 लाख से अधिक ग्रामीण घरों में नल से स्वच्छ जल पहुंचाया गया है। गांवों में ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन की हजारों परियोजनाएं शुरू की गई हैं तथा लगभग 2,800 अमृत सरोवर बनाए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में 996 अटल पुस्तकालय खोले जा चुके हैं और चालू वित्त वर्ष में 1,000 नए अटल पुस्तकालय खोले जाएंगे।

सड़क, रेल और हवाई संपर्क को मिली मजबूती:

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले लगभग 12 वर्षों में हरियाणा में 28,651 करोड़ रुपये की लागत से 43,703 किलोमीटर लंबी सड़कों का सुधार किया गया है और 2,417 किलोमीटर लंबी नई सड़कों का निर्माण हुआ है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 1,886 करोड़ रुपये की लागत से 3,477 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण किया गया है।

उन्होंने बताया कि पिछले लगभग 12 वर्षों में प्रदेश के लिए 22 नए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए गए हैं, जिनमें से 14 का काम पूरा हो चुका है और प्रदेश के प्रत्येक जिले को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ा जा चुका है। महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे से हवाई सेवाएं शुरू होने से हिसार और आसपास का क्षेत्र सीधे देश के हवाई नक्शे पर आया है। हिसार से अयोध्या, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और जयपुर के लिए सीधी उड़ानें शुरू हो चुकी हैं।

ये रहे मौजूद:

इस अवसर पर हांसी विधायक श्री विनोद भ्याणा, पूर्व सांसद लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) डॉ. डीपी वत्स, हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन श्री राजेश ठकराल, डीजी लॉ एंड ऑर्डर श्री संजय कुमार, डीजी सीआईडी श्री सौरभ सिंह, हिसार मंडल आयुक्त श्रीमती गीता भारती, आईजी श्री कुलदीप सिंह, उपायुक्त श्री राहुल नरवाल तथा पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!