जिला अदालत की पुरानी इमारत में दो दिन से बिजली गुल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हॉल नंबर 4, 5 और 8 में कामकाज प्रभावित, उमस से वकीलों व मुवक्किलों का बुरा हाल

गुडग़ांव, 14 अगस्त (अशोक)। जिला अदालत परिसर की पुरानी इमारत में पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण वकीलों, न्यायिक कर्मचारियों और मुवक्किलों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हॉल नंबर 4, 5 और 8 में बिजली नहीं होने से अदालती कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।

वर्तमान डिजिटल दौर में अदालती कार्यों का बड़ा हिस्सा कंप्यूटर, टाइपिंग और ऑनलाइन प्रक्रियाओं पर निर्भर है। बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण वकील समय पर दावे, प्रार्थना-पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज तैयार नहीं करा पा रहे हैं। इसके चलते मुवक्किलों के महत्वपूर्ण कानूनी कार्य अटक गए हैं और कई लोगों को बिना काम कराए ही वापस लौटना पड़ रहा है।

उमस और घुटन से स्वास्थ्य पर खतरा

जिला बार के पूर्व उपप्रधान जितेंद्र कौशिक, पूर्व सचिव अरुण शर्मा, पूर्व सह सचिव राहुल शर्मा तथा अधिवक्ता मदान कौशिक, निकिता वर्मा, ठाकुर सुमेर सिंह, एलरीना सेनापति, नीरज वशिष्ठ, अश्वनी शर्मा, अंकुर शर्मा, नेक सिंह और राजकुमार तंवर ने बताया कि मानसून के मौसम में बिजली नहीं होने से स्थिति और विकट हो गई है।

हॉल में भारी उमस और घुटन के कारण कुछ देर बैठना भी मुश्किल हो रहा है। कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं को सांस लेने में परेशानी महसूस हो रही है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति पैदा होने की आशंका बनी हुई है।

बार एसोसिएशन को कराया अवगत

अधिवक्ताओं के अनुसार, समस्या से गुरुग्राम बार एसोसिएशन को भी अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस एवं स्थायी समाधान नहीं निकला है। उनका कहना है कि न्यायालय जैसे महत्वपूर्ण परिसर में बिजली जैसी बुनियादी सुविधा का लगातार दो दिनों तक बाधित रहना गंभीर लापरवाही है।

अधिवक्ताओं ने संबंधित अधिकारियों और जिला प्रशासन से हॉल नंबर 4, 5 और 8 की बिजली आपूर्ति अविलंब बहाल करने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!