कांग्रेस ने पानीपत में निकाला विशाल मार्च एवं सत्याग्रह, जातिगत भेदभाव और सामाजिक विभाजन के खिलाफ बुलंद की आवाज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*हल्द्वानी में ‘शुद्धिकरण’ की घटना सामाजिक भेदभाव और संकीर्ण मानसिकता का शर्मनाक उदाहरण  – राव नरेंद्र सिंह*

पानीपत/चंडीगढ़ – हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में आज पानीपत में भाजपा एवं उससे जुड़े संगठनों द्वारा देश में जातिगत भेदभाव और सामाजिक विभाजन को बढ़ावा देने वाली मानसिकता के विरोध में विशाल मार्च एवं सत्याग्रह का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सामाजिक समानता, भाईचारे और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे ने जिस मंच से जनता को संबोधित किया था, उनके जाने के बाद उसी मंच का भाजपा से जुड़े लोगों द्वारा कथित रूप से ‘शुद्धिकरण’ किया जाना बेहद आहत करने वाला, शर्मनाक और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं जातिगत भेदभाव और संकीर्ण मानसिकता को उजागर करने के साथ-साथ समाज में नफरत, द्वेष और विभाजन को बढ़ावा देती हैं।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि आजादी के 79 वर्ष बाद भी देश में किसी व्यक्ति को उसकी जाति के आधार पर अपमानित करने जैसी मानसिकता मौजूद है। उन्होंने कहा कि श्री मल्लिकार्जुन खरगे देश के वरिष्ठतम नेताओं में से एक हैं, जिन्होंने जमीनी स्तर से संघर्ष करते हुए देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली और उसका सफलतापूर्वक निर्वहन किया। वर्तमान में वे राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में देश के महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती से उठाते हैं और सभी वर्गों एवं समुदायों को साथ लेकर चलने की प्रतिबद्धता रखते हैं।

उन्होंने कहा कि यदि किसी वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता के सार्वजनिक कार्यक्रम के बाद केवल उनकी जाति के आधार पर किसी स्थान का ‘शुद्धिकरण’ किया जाता है, तो यह केवल उस व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि भारत के संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समानता की भावना का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि छुआछूत और जातिगत भेदभाव जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ देश ने लंबे संघर्ष के बाद कानून और सामाजिक चेतना के माध्यम से आगे बढ़ने का प्रयास किया है। ऐसी घटनाएं उस संवैधानिक और सामाजिक चेतना को चुनौती देती हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस समानता, भाईचारे और सामाजिक न्याय की विचारधारा में विश्वास रखती है। महात्मा गांधी और संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने जिस समतामूलक भारत का सपना देखा था, उसमें जाति के आधार पर किसी व्यक्ति के साथ भेदभाव अथवा छुआछूत की कोई जगह नहीं हो सकती।

उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले का स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन को स्वतः संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। यदि जांच में कानून का उल्लंघन पाए जाने की पुष्टि होती है, तो दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में देश में इस प्रकार की शर्मनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और समाज में भाईचारे एवं सामाजिक समरसता का वातावरण मजबूत हो।

कांग्रेस वर्किंग कमेटी के स्थायी सदस्य एवं सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति देश के लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की जाति के आधार पर उसके द्वारा इस्तेमाल किए गए स्थान का ‘शुद्धिकरण’ करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और सामाजिक समरसता पर चोट है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा समानता, भाईचारे और सामाजिक न्याय की आवाज मजबूती से उठाती रही है। उन्होंने कहा कि समाज को बांटने वाली मानसिकता के खिलाफ हर स्तर पर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।

राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनील पंवार ने कहा कि देश में संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान दिया है, इसलिए जातिगत भेदभाव के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी की घटना सामाजिक सोच में मौजूद भेदभावपूर्ण मानसिकता को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के समतामूलक भारत के सपने को साकार करना हम सभी की जिम्मेदारी है। कांग्रेस सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे की लड़ाई को गांव-गांव और हर स्तर तक मजबूती से आगे बढ़ाएगी

उन्होंने कहा कि भारत की वास्तविक ताकत उसकी विविधता में एकता, सामाजिक समरसता और संवैधानिक मूल्यों में निहित है। कांग्रेस पार्टी हर प्रकार के जातिगत भेदभाव, छुआछूत और सामाजिक विभाजन के खिलाफ अपनी लड़ाई को मजबूती से जारी रखेगी तथा देश के प्रत्येक नागरिक के सम्मान, समानता और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।

इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं सह प्रभारी जितेंद्र बघेल, पानीपत ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रमेश मलिक तथा पानीपत शहरी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलजीत सिंह, पूर्व मंत्री बिजेंद्र सिंह, पूर्व विधायक बलबीर वाल्मीकि, दिवांशु बुद्धिराजा, पंचायती राज प्रकोष्ठ के अध्यक्ष फोम लाल, वीरेंद्रपाल शाह, सचिन कुंडू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!