विकसित भारत की आर्थिक शक्ति को मजबूत करने में हरियाणा की अहम भूमिका : डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा, उपाध्यक्ष हरियाणा विधानसभा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डॉ मिड्ढा ने कहा, युवा, अन्नदाता, नारी शक्ति और गरीब के सशक्तिकरण से मजबूत हो रहा हरियाणा

स्वतंत्रता दिवस की थीम ‘युवा शक्ति’ युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को करती है रेखांकित : डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा

हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर गुरुग्राम में किया ध्वजारोहण

हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा ने स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद हॉल परिसर में बने शहीद स्मारक पर स्वतंत्रता सेनानियों एवं बलिदानियों को किया नमन

सेक्टर 38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बिखेरी अनूठी छटा

उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा ने जिला स्तरीय समारोह में स्वतंत्रता सेनानी व बलिदानियों के स्वजनों को किया सम्मानित

गुरुग्राम, 15 अगस्त। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरूग्राम के सेक्टर 38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन हुआ। हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा ने मुख्य अतिथि के तौर पर समारोह में ध्वजारोहण किया, परेड का निरीक्षण तथा मार्च पास्ट की सलामी ली। कार्यक्रम की शुरूआत ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्र गीत के साथ हुई। जिला स्तरीय समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत कर अनोखी छटा बिखेरी।

विकसित भारत की संकल्पना के साथ आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में तीन हजार से अधिक स्कूलीं बच्चों का उत्साह देखने लायक था। डीसी उत्तम सिंह तथा पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज ने मुख्य अतिथि का जिला स्तरीय समारोह में पहुंचने पर स्वागत किया।

विकसित भारत की आर्थिक शक्ति को मजबूत करने में हरियाणा की अहम भूमिका : डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा

हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा ने अपने संबोधन में गुरुग्राम जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा देश की आर्थिक प्रगति को गति देने वाले प्रमुख राज्यों में अपनी भूमिका लगातार मजबूत कर रहा है और ‘विकसित भारत’ के साथ ‘विकसित हरियाणा’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य केवल आर्थिक विकास की गति को बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसा समावेशी और संतुलित विकास सुनिश्चित करना है, जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हरियाणा के प्रत्येक वर्ग को प्रगति के अवसर मिलें।

उन्होंने कहा कि हरियाणा आज उद्योग, कृषि, सेवा क्षेत्र, निवेश, बुनियादी ढांचे और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। राज्य की मजबूत आर्थिक स्थिति देश की समग्र अर्थव्यवस्था में हरियाणा के बढ़ते योगदान को दर्शाती है। वर्ष 2026-27 में हरियाणा का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) लगभग 15.18 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 11 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।

यह आर्थिक वृद्धि हरियाणा की मजबूत विकास क्षमता और राज्य में बन रहे अनुकूल कारोबारी एवं निवेश वातावरण का प्रमाण है। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक मजबूती के साथ-साथ आधुनिक बुनियादी ढांचे, बेहतर जनसुविधाओं, रोजगार के नए अवसरों और सामाजिक कल्याण को भी गति मिले, ताकि हरियाणा विकसित भारत की यात्रा में एक मजबूत और अग्रणी भागीदार के रूप में अपनी भूमिका निभाता रहे।

युवा, अन्नदाता, नारी शक्ति और गरीब के सशक्तिकरण से मजबूत हो रहा हरियाणा

श्री मिड्ढा ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा बताए गए विकसित भारत के चार प्रमुख स्तंभों—युवा, अन्नदाता, नारी शक्ति और गरीब—को सशक्त बनाते हुए ‘विकसित हरियाणा’ के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ा रही है। प्रदेश सरकार की विकास नीति के केंद्र में समाज का प्रत्येक वर्ग है। सरकार का मानना है कि विकास केवल आर्थिक आंकड़ों में वृद्धि तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसकी सार्थकता तभी है जब प्रदेश के गरीब परिवारों का जीवन स्तर बेहतर हो, किसानों को समृद्धि मिले, महिलाओं को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें और युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल तथा रोजगार के नए द्वार खुलें।

उन्होंने कहा कि हरियाणा वीरों की भूमि है और प्रदेश सरकार ने देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों तथा उनके परिवारों के सम्मान और कल्याण को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। इसी प्रतिबद्धता के तहत शहीद जवानों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी प्रदान की जा रही है। पिछले लगभग 12 वर्षों में करीब सवा चार सौ शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी देकर उनके परिवारों को संबल प्रदान किया गया है। यह केवल सरकारी सहायता नहीं, बल्कि राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले हरियाणा के वीर सपूतों और उनके परिवारों के प्रति प्रदेश की कृतज्ञता, सम्मान और जिम्मेदारी की अभिव्यक्ति है।

स्वतंत्रता दिवस की थीम ‘युवा शक्ति’ युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को करती है रेखांकित

उपाध्यक्ष श्री मिड्ढा ने कहा इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस की थीम ‘युवा शक्ति—विकसित भारत 2047 की यात्रा का नेतृत्व’ रखी गई है, जो विकसित भारत के निर्माण में देश के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है। हरियाणा सरकार द्वारा भी युवाओं की क्षमता, प्रतिभा और ऊर्जा का सदुपयोग तथा उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हुए शिक्षा, कौशल, रोजगार, खेल तथा स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, ताकि प्रदेश के युवा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में प्रभावी योगदान दे सकें।

उन्होंने कहा कि इसी प्रकार राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने का अवसर भी देश के लिए गौरव का विषय है। ‘वंदे मातरम’ भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन की राष्ट्रीय चेतना और देशभक्ति का महत्वपूर्ण प्रतीक रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर इसका स्मरण हमें स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए निरंतर कार्य करने का संदेश देता है। इससे पहले मुख्यातिथि डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा ने स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद हॉल परिसर स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित करते हुए वीर बलिदानियों को नमन किया। मुख्य अतिथि ने इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों व वीर बलिदानियों के स्वजनो को सम्मानित भी किया। मुख्यातिथि ने कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले स्कूली विद्यार्थियों को पुरस्कार स्वरूप 5 लाख रुपये की राशि देने को घोषणा भी की।

कार्यक्रम में गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, मंडल आयुक्त रवि प्रकाश गुप्ता, एडीसी सोनू भट्ट, गुरुग्राम नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त यश जालुका एवं रविंद्र यादव, डीसीपी हेडक्वार्टर डॉ अंशु सिंगला, डीसीपी संदीप कुमार, डीसीपी ट्रैफिक प्रतीक गहलोत, सीटीएम ज्योति नागपाल, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!