भाजपा की दलित विरोधी सोच हुई उजागर : वर्धन यादव

गुरुग्राम। हल्द्वानी में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ घटी घटना के विरोध में तथा उनके समर्थन में शुक्रवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी गुरुग्राम (ग्रामीण) द्वारा जोरदार रोष प्रदर्शन एवं सत्याग्रह का आयोजन किया गया। पटौदी स्थित ऐतिहासिक अंबेडकर भवन परिसर में आयोजित इस जिला स्तरीय प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, स्थानीय नेताओं और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सामाजिक भेदभाव, छुआछूत और भाजपा की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस रोष प्रदर्शन का नेतृत्व ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव ने किया।
छुआछूत और सामाजिक असमानता के खिलाफ एकजुट आवाज़
सत्याग्रह को संबोधित करते हुए ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस सत्याग्रह के माध्यम से देश में बढ़ते भेदभाव, छुआछूत और सामाजिक असमानता के विरुद्ध तथा संविधान में निहित समानता, बंधुत्व, सामाजिक न्याय और मानवीय गरिमा के समर्थन में एक सशक्त और एकजुट आवाज बुलंद की गई है। वर्धन यादव ने हल्द्वानी की घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ जो हुआ, वह सामाजिक भेदभाव का निकृष्टतम रूप है। देश के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक और दलित समाज के शीर्ष प्रतिनिधि का इस तरह अपमान करना भाजपा और उसके सहयोगियों की संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है।
भाजपा और आरएसएस को समानता व सामाजिक न्याय से परहेज

वर्धन यादव ने आगे कहा कि यह कोई अकेली घटना नहीं है, बल्कि यह भाजपा की दलित विरोधी और पिछड़ा विरोधी सोच को उजागर करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को देश में समानता, गरिमा और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों से सख्त परहेज है। उन्होंने कहा कि जब-जब दलित और शोषित वर्ग से आने वाले नेता राष्ट्रीय मंचों पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हैं, तब-तब इस प्रकार के कृत्यों के जरिए उन्हें नीचा दिखाने का प्रयास किया जाता है। वर्धन यादव ने जोर देकर कहा कि यह केवल श्री मल्लिकार्जुन खरगे जी का अपमान नहीं है, बल्कि यह बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और हमारे संविधान के निर्माताओं के उन महान मूल्यों पर सीधा हमला है, जिस पर हमारे देश का लोकतंत्र टिका हुआ है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से चुप्पी तोड़ें: सुधीर चौधरी
सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस नेताओं ने देश के प्रधानमंत्री से इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुधीर चौधरी ने कहा कि इतने गंभीर और जातिगत भेदभावपूर्ण कृत्य के बाद भी केंद्र सरकार और भाजपा का शीर्ष नेतृत्व मौन साधे हुए है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तुरंत इस प्रकार के जातिगत भेदभावपूर्ण कृत्य की सार्वजनिक रूप से कड़े शब्दों में निंदा करनी चाहिए और देश के सामने आकर अपनी बात रखनी चाहिए। देश के सर्वोच्च पद पर बैठे व्यक्ति की ऐसी घटनाओं पर खामोशी सामाजिक सौहार्द के लिए घातक है।
बाबासाहेब के विचारों और संविधान की रक्षा का संकल्प
इस सत्याग्रह के अंत में उपस्थित सभी कांग्रेसियों ने संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा की शपथ ली। नेताओं ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी सडक़ से लेकर संसद तक इस तरह की संकीर्ण और भेदभावपूर्ण राजनीति के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
रोष प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष वर्धन यादव द्वारा किया गया जिसमे पूर्व प्रत्याशी सुधीर चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता सुखबीर तंवर, अनुसूचित विभाग के जिला अध्यक्ष मनोज पार्षद, जिला उपाध्यक्ष मुकेश पवन चौधरी, सतबीर पहलवान, योगेश यादव, सतपाल शर्मा, जिला महासचिव राकेश यादव, इंद्रपाल यादव, अमित यादव, विवेक कटारिया ब्लॉक अध्यक्ष रवींद्र सिंह, रिंकू पार्षद, अम्बेडकर सभा के अध्यक्ष सूरजभान, जिला सचिव दीपेश कौशिक, अनिल गंडास, हरेंद्र सहरावत, वेदप्रकाश जनौला, राजेंद्र कुमार, जयभगवान शर्मा, महिला नेत्री सरला, सुधा एवं भारी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








