अधूरी सड़क बनी दलदल, बारिश के बाद जलभराव से बढ़ा हादसों का खतरा
उद्यमियों की चेतावनी—शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री से मिलेंगे

गुरुग्राम। शहर का प्रमुख आईडीसी औद्योगिक क्षेत्र इन दिनों मूलभूत सुविधाओं के अभाव और धीमी गति से चल रहे विकास कार्यों के कारण बदहाल है। अधूरी सड़क, गहरे गड्ढों और जलभराव ने उद्यमियों, कामगारों तथा वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी है।
आईडीसी के प्रधान धर्मसागर तथा उद्यमी सुनील दत्ता, विजय टंडन, देवेंद्र जैन, प्रवीण वर्मा और तरुण खन्ना ने क्षेत्र की खस्ताहाल स्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि सड़क के एक हिस्से का निर्माण कर दिया गया, जबकि दूसरी तरफ का काम अधूरा छोड़ दिया गया है। अधूरी सड़क पर बना दलदलनुमा गहरा गड्ढा आए दिन दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है।
रात में गड्ढे में फंसी गाड़ी
उद्यमियों के अनुसार, बीती रात एक गाड़ी गहरे गड्ढे में फंस गई। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला जा सका। शुक्रवार को हुई बारिश ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। पूरे क्षेत्र में जलभराव होने के कारण यह पहचानना मुश्किल हो गया है कि सड़क कहां है और गड्ढा कहां। इससे वाहन चालकों और राहगीरों के साथ गंभीर दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ है।
सुरक्षा नियमों की अनदेखी का आरोप
धर्मसागर ने बताया कि नगर निगम प्रशासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि विकास कार्य वाले स्थानों को सुरक्षा की दृष्टि से टीनशेड अथवा बैरिकेड लगाकर घेरा जाए। इसके बावजूद आईडीसी में काम कर रहे ठेकेदार नियमों की खुलेआम अनदेखी कर रहे हैं। निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध नहीं किए गए हैं।
उद्यमियों का आरोप है कि नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को कई बार समस्याओं से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
मुख्यमंत्री के सामने उठाएंगे मामला
उद्यमियों ने मांग की कि सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यों में तेजी लाकर उन्हें शीघ्र पूरा कराया जाए। जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने के साथ गड्ढों के आसपास सुरक्षा प्रबंध भी किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो उद्यमियों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात कर आईडीसी की बदहाली से अवगत कराएगा।








