लगभग 100 शेड और 150 अस्थायी ढांचे हटाए; न्यू गुरुग्राम (सेक्टर 58–80) पर फोकस रहा

गुरुग्राम, 13 अगस्त: गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए ) ने गुरुवार को अपने चल रहे ‘अतिक्रमण -मुक्त गुरुग्राम’ अभियान को और तेज करते हुए न्यू गुरुग्राम क्षेत्र में लगभग 25 किलोमीटर तक अतिक्रमित सड़क क्षेत्र को मुक्त कराया। इस कार्रवाई के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर 10 से 20 फीट तक के राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू ) को खाली कराया गया।
अभियान के चौथे दिन जीएमडीए की एनफोर्समेंट टीमों ने लगभग 100 शेड और 150 अस्थायी ढांचों को हटाया। इनमें अवैध खोखे, रैंप, सड़क किनारे दुकानें, सर्विस स्टेशन, नर्सरी, झुग्गियां, बाउंड्री वॉल और अन्य अवैध निर्माण शामिल थे , जो सार्वजनिक आवागमन में बाधा बन रहे थे।

इस कार्रवाई को कई स्थानों पर स्थानीय निवासियों और यात्रियों का समर्थन भी मिला, क्योंकि वे लोग लंबे समय से अतिक्रमण के कारण यातायात जाम से परेशान थे और पैदल व वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी।
गुरुवार को अभियान में एक महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिला, जब एनफोर्समेंट टीमों ने न्यू गुरुग्राम, विशेषकर सेक्टर 58 से 80 तक के क्षेत्रों फोकस किया । इससे पहले तीन दिनों तक यह अभियान मुख्य रूप से ओल्ड गुरुग्राम और साउदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर ) पर केंद्रित रहा था।

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ ) श्री पी.सी. मीणा ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि मुक्त कराई गई सार्वजनिक भूमि को सुरक्षित और उपयोगी बनाए रखना भी है।
उन्होंने कहा कि राइट ऑफ वे सार्वजनिक बुनियादी ढांचे, आवागमन और पैदल चलने के लिए होता है, इसे निजी या व्यावसायिक गतिविधियों के लिए उपयोग नहीं होने दिया जा सकता। जीएमडीए पूरे गुरुग्राम में लगातार कार्रवाई कर रहा है और मुक्त कराई गई जगहों की निगरानी भी जारी रखी जाएगी ताकि वहाँ पर दोबारा अतिक्रमण न हो सके।
सेक्टर 61, 62, 63 और 63ए में 4 किमी क्षेत्र मुक्त

सेक्टर 61, 62, 63 और 63ए की विभाजक सड़कों पर जीएमडीए टीमों ने लगभग 4 किलोमीटर लंबे क्षेत्र में 20 फीट तक के आरओडब्ल्यू को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
इस कार्रवाई में लगभग 60 शेड, सार्वजनिक भूमि पर चल रही अवैध सब्जी मंडी, झुग्गियां, 15 अवैध खोखे और एक सर्विस स्टेशन हटाए गए। अधिकारियों ने यह भी पाया कि पिछले छह महीनों में अतिक्रमण हटाकर विकसित किए गए ग्रीन बेल्ट में फिर से अतिक्रमण हो गया था। यहां लगाए गए लगभग 15 अवैध साइनबोर्ड भी हटाए गए।
सेक्टर 58–61 में 4 किमी क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया गया
एक अन्य कार्रवाई में सेक्टर 58, 59, 60 और 61 में लगभग 4 किलोमीटर सड़क क्षेत्र को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
इस दौरान 25 खोखे, 40 रैंप और 2 शेड हटाए गए। अधिकारियों के अनुसार कई रैंप 10 फीट तक आरओ डब्ल्यू में घुस आए थे, जिससे सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई थी।
सेक्टर 70–73, 75 और आसपास के क्षेत्रों में 10 किमी का बड़ा अभियान

डीटीपी श्री आर.एस. बाठ के अनुसार, दिन की सबसे बड़ी कार्रवाई लगभग 10 किलोमीटर क्षेत्र में सेक्टर 70, 70A, 71, 72, 72A, 73 और 75 में की गई।
टीमों ने 65 टिन शॉप, 30 शेड, 25 झुग्गियां, एक पक्का निर्माण, 4 सर्विस स्टेशन और 8 नर्सरियां हटाईं। इसके अलावा सार्वजनिक भूमि पर बनी बाउंड्री वॉल और अन्य अवैध निर्माण भी हटाए गए।
सेक्टर 62–67 में 7 किमी क्षेत्र में अवैध कब्जों से मुक्त कराई सरकारी ज़मीन
सेक्टर 62, 63, 63A, 64, 65, 66 और 67 में लगभग 7 किलोमीटर क्षेत्र में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान 10 कबाड़ी दुकानें, 6 ढाबे, 2 पक्के निर्माण, 5 खोखे और 2 पौध नर्सरियां हटाई गईं।
जीएमडीए सीईओ ने कहा कि यह अभियान चरणबद्ध और निरंतर तरीके से पूरे शहर में जारी रहेगा, जिसमें आरओडब्ल्यू , सर्विस रोड, ग्रीन बेल्ट और फुटपाथ पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
श्री मीणा ने यह भी बताया कि एनफोर्समेंट टीमों और फील्ड स्टाफ के बीच समन्वय को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि अतिक्रमण की तुरंत पहचान और हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके तथा मुक्त कराई गई जगहों की नियमित निगरानी हो सके।








