न्यू कॉलोनी, ज्योति पार्क, मदनपुरी सर्कुलर रोड, बादशाहपुर, सीआरपीएफ रोड, सेक्टर 63, और सुखराली एन्क्लेव में कार्रवाई;
बस स्टैंड क्षेत्र से अवैध यूनिपोल, रेहड़ी-पटरी व अन्य स्ट्रक्चर हटाए

गुरुग्राम, 13 अगस्त। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों की अनुपालना में नगर निगम गुरुग्राम द्वारा अनाधिकृत निर्माण, अतिक्रमण एवं अवैध कब्जों के खिलाफ चलाया जा रहा मंथ-लॉन्ग विशेष अभियान वीरवार को भी जारी रहा। नगर निगम की विभिन्न इंफोर्समेंट टीमों ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए सड़कों, फुटपाथों एवं सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराया।
अभियान के तहत नगर निगम की टीमों ने न्यू कॉलोनी, ज्योति पार्क, मदनपुरी सर्कुलर रोड, बादशाहपुर, सीआरपीएफ रोड, सेक्टर 63 तथा सुखराली एन्क्लेव क्षेत्रों में विशेष कार्रवाई की। टीमों ने मौके पर पहुंचकर सार्वजनिक सड़कों एवं फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमणों को हटाया। कार्रवाई के दौरान निगम कर्मचारियों द्वारा मुनादी कराकर अतिक्रमणकारियों को सार्वजनिक स्थानों से अपना सामान एवं अनधिकृत ढांचे हटाने की हिदायत भी दी गई। निगम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक रास्तों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नागरिकों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न करता है, इसलिए ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बस स्टैंड क्षेत्र में नगर निगम की टीम ने अवैध यूनिपोल हटाने की कार्रवाई की। इसके साथ ही सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद रेहड़ी, पटरी, खोखे तथा अन्य अस्थायी स्ट्रक्चर भी हटाए गए। नगर निगम का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों को बाधामुक्त करना, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना तथा पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन सुनिश्चित करना है।

एमसीजी द्वारा चलाए जा रहे अभियान में सड़कों, फुटपाथों और अन्य सार्वजनिक स्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है। निगम टीमों द्वारा मौके पर स्थिति का निरीक्षण कर अनाधिकृत कब्जों एवं अतिक्रमणों की पहचान की जा रही है तथा आवश्यकतानुसार उन्हें हटाने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, लोगों को मुनादी एवं अन्य माध्यमों से सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण नहीं करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। नगर निगम द्वारा शुरू किया गया यह विशेष अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई तक सीमित नहीं है। पूरे महीने विभिन्न जोन एवं क्षेत्रों में नियमित रूप से इंफोर्समेंट और डिमोलिशन कार्रवाई जारी रहेगी।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि गुरुग्राम में सार्वजनिक रास्तों, फुटपाथों और सरकारी एवं निगम भूमि पर किए गए अतिक्रमण को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान कार्रवाई निष्पक्ष एवं नियमानुसार सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्थानों को नागरिकों के लिए सुरक्षित एवं सुगम बनाना और गुरुग्राम के सुनियोजित विकास को सुनिश्चित करना है।
एमसीजी का संदेश स्पष्ट है कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण से समझौता नहीं, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।








