बसई में अवैध व्यावसायिक पानी कनेक्शनों पर एमसीजी की बड़ी कार्रवाई, 20 कनेक्शन काटे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पानी के अवैध व्यावसायिक उपयोग पर नगर निगम सख्त, जेई तिलक शर्मा की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

गुरुग्राम, 13 अगस्त। नगर निगम गुरुग्राम ने जलापूर्ति व्यवस्था में अनुशासन सुनिश्चित करने तथा पानी के अवैध व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए बसई क्षेत्र में विशेष कार्रवाई की। अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने 20 अवैध व्यावसायिक पानी कनेक्शनों को डिस्कनेक्ट किया।

नगर निगम की टीम ने बसई क्षेत्र में जांच के दौरान ऐसे व्यावसायिक पानी कनेक्शनों की पहचान की, जो निर्धारित नियमों एवं अनुमतियों के अनुरूप नहीं पाए गए। कार्रवाई के दौरान इन 20 अवैध कनेक्शनों को मौके पर ही काट दिया गया। यह कार्रवाई जूनियर इंजीनियर तिलक शर्मा की मौजूदगी में की गई। टीम द्वारा मौके पर जल कनेक्शनों की स्थिति की जांच करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

नगर निगम का यह अभियान पानी के दुरुपयोग को रोकने तथा उपलब्ध जल संसाधनों के उचित एवं नियमानुसार उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अवैध व्यावसायिक कनेक्शनों के कारण जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ पानी के अनधिकृत उपयोग की संभावना भी बढ़ती है। ऐसे कनेक्शनों पर कार्रवाई से जल वितरण व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित एवं जवाबदेह बनाने में मदद मिलेगी।

एमसीजी द्वारा स्पष्ट किया गया है कि बिना वैध अनुमति पानी का व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। निगम की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में अवैध कनेक्शनों की पहचान और जांच कर रही हैं। नगर निगम नागरिकों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से अपील करता है कि वे केवल वैध एवं अधिकृत जल कनेक्शन का ही उपयोग करें और जल संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल करें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!