मुख्यमंत्री आवास पर धूमधाम से मनाया गया हरियाली तीज उत्सव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*सांस्कृतिक छटा और परंपराओं के संग झूमीं महिलाएं*

चंडीगढ़ , 12 अगस्त -हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास ‘संत कबीर कुटीर’ में हरियाली तीज का त्योहार अत्यंत उत्साह, पारंपरिक गरिमा और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। सावन माह के इस पावन अवसर पर पूरा मुख्यमंत्री आवास हरियाणवी संस्कृति, लोकगीतों की मधुर गूंज और पारंपरिक पकवानों की सोंधी महक से सराबोर नज़र आया।

उत्सव का औपचारिक शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद द्वार पर ढोल-नगाड़ों की थाप और पारंपरिक लोकगीतों के बीच प्रदेशभर से पहुंचीं अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया। पूरे परिसर को रंग-बिरंगे झूलों, गेंदे के फूलों और हरियाणवी ग्रामीण शिल्प से भव्य रूप से सजाया गया था।

इस विशेष सांस्कृतिक समागम में राजनीति, समाजसेवा और प्रशासन क्षेत्र की कई प्रमुख महिला हस्तियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल की धर्मपत्नी श्रीमती अनीता कटारिया, हरियाणा के राज्यपाल की धर्मपत्नी श्रीमती मित्रा घोष, तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष श्रीमती सुमन सैनी मुख्य रूप से मौजूद रहीं।

इनके साथ ही हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी, विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा, विधायक श्रीमती सावित्री जिंदल, विधायक श्रीमती रेनू बाला, विधायक शैली चौधरी भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की अध्यक्षा श्रीमती बंतो कटारिया सहित, हरियाणा महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती मीना परमार समेत प्रदेश भर से आई अनेक गणमान्य महिलाएं उपस्थित रहीं।

तीज के इस उत्सव में आए अतिथियों और महिलाओं ने मुख्यमंत्री आवास के प्रांगण में लगाए गए सावन के पारंपरिक झूलों का भरपूर आनंद लिया। सावन की सुहानी ऋतु के बीच महिलाओं ने पींगें बढ़ाईं और तीज के लोकगीत गाए। हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत करते हुए महिलाओं ने हरियाणवी लोक नृत्य प्रस्तुत किए, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो उठा।

उत्सव का एक प्रमुख आकर्षण हरियाणा का पारंपरिक खान-पान रहा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री आवास पर विशेष रूप से तीज पर्व के खास पकवान तैयार किए गए थे, जहां अतिथियों ने घेवर, सुहाली, गुलगुले और शक्करपारे जैसे पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया।

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों और प्रदेशवासियों को तीज पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। अपने आत्मीय संबोधन में मुख्यमंत्री ने तीज के महत्व को बताते हुए कहा कि तीज केवल एक सांस्कृतिक पर्व नहीं है, बल्कि यह हरियाली, उमंग और हमारी समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है, क्योंकि हरियाली ही प्रकृति का असली श्रृंगार है।

उन्होंने रिश्तों की डोर को मजबूत करने का संदेश देते हुए कहा कि हाथों में रची मेहंदी का रंग जितना गहरा होता है, हमारे सामाजिक समरसता और पारिवारिक रिश्तों का विश्वास उससे भी अधिक गहरा और मजबूत होना चाहिए।

प्रदेश में बेटियों के उज्ज्वल भविष्य और सशक्तीकरण पर विशेष बल देते हुए मुख्यमंत्री ने समाज से बेटियों को पढ़ाने और आगे बढ़ाने का भावुक आह्वान किया। उन्होंने बहुत ही सुंदर और मर्मस्पर्शी शब्दों में कहा कि तीज के अवसर पर झूलों की पींग जितनी ऊंची जाती है, हमारी बेटियों के सपने और उनकी उड़ान उससे भी अधिक ऊंची होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पानीपत की धरती से ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान का शुभारंभ किया था। वह समाज की सोच बदलने का राष्ट्रीय संकल्प था। हरियाणा ने इस संकल्प को जन-आंदोलन बनाया। उन्हें गर्व है कि आज हमारी बेटियां खेल के मैदान से विज्ञान की प्रयोगशाला तक, सेना से प्रशासन तक, खेती से स्टार्टअप तक हर क्षेत्र में तिरंगा और हरियाणा का गौरव बढ़ा रही हैं। इसका प्रमाण आपने पिछले दिनों ग्लासगो में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में देखा ही है।

मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश सरकार महिलाओं को राष्ट्र-निर्माण की शक्ति के रूप में देखती है। इसलिए, उनको आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। आर्थिक स्वतंत्रता को और मजबूत करने के लिए हरियाणा में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना हमारी बहन-बेटियों को प्रतिमाह 2,100 रुपये की सहायता देकर सम्मान और सामाजिक सुरक्षा का आधार प्रदान कर रही है। अब तक लगभग 10 लाख बहन-बेटियों को 2 हजार 42 करोड़ 31 लाख रुपये की राशि दी जा चुकी है। ‘हर घर-हर गृहिणी’ जैसी पहल रसोई के बजट में राहत पहुंचाती है। इस योजना में पात्र महिलाओं को हर महीने 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष श्रीमती सुमन सैनी ने सभी को तीज पर्व की बधाई देते हुए कहा कि तीज केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्रकृति के प्रति प्रेम और नारी शक्ति के सम्मान का पर्व है। ऐसे आयोजन हमारी भावी पीढ़ी को अपनी जड़ों और लोक-परंपराओं से जोड़े रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।

अंत में सभी महिलाओं को कोथली भी दी गई। प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना के साथ यह भव्य आयोजन संपन्न हुआ।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!