विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डीसी उत्तम सिंह ने आयोजन समिति के सदस्यों के साथ आयोजन स्थल का किया निरीक्षण

14 अगस्त को सेक्टर-29 स्थित महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती पार्क में होगा आयोजन; केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल करेंगे अध्यक्षता, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य अतिथि

प्रदेशभर से पहुंचेंगे लोग, विभाजन की पीड़ा और स्मृतियों को साझा करने का बनेगा अवसर

गुरुग्राम, 12 अगस्त। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर 14 अगस्त को गुरुग्राम में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सेक्टर-29 स्थित महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती पार्क में होने वाले इस कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल करेंगे, जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में देश के विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाने वाले लाखों लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ विस्थापन और संघर्ष का दंश झेलने वाले परिवारों की स्मृतियों को सम्मानपूर्वक याद किया जाएगा।

कार्यक्रम के संयोजक बोधराज सीकरी ने बुधवार को डीसी उत्तम सिंह के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, प्रदर्शनी, आगमन एवं पार्किंग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की जानकारी ली। डीसी उत्तम सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं और आयोजन स्थल पर आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस दौरान पूर्व मंत्री सीमा त्रिखा, आयोजन समिति के सचिव जगदीश चोपड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी भी मौजूद रहे।

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 14 अगस्त को होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम को गरिमामयी एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए प्रशासन द्वारा सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस दिवस का उद्देश्य देश के विभाजन के दौरान हुए व्यापक विस्थापन, पीड़ा और संघर्ष को स्मरण करते हुए प्रभावित परिवारों के त्याग, साहस और धैर्य को नमन करना है।

प्रदेशभर से पहुंचेंगे लोग, विभाजन की पीड़ा और स्मृतियों को साझा करने का बनेगा अवसर

आयोजन के संयोजक बोधराज सीकरी ने कहा कि राज्य स्तरीय विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के विभाजन के दौरान विस्थापन और पीड़ा झेलने वाले परिवारों की स्मृतियों को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। कार्यक्रम में विभाजन से प्रभावित परिवारों के अनुभवों और संघर्ष की गाथाओं को सामने लाने के साथ नई पीढ़ी को उस दौर की परिस्थितियों से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में आयोजित यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम प्रदेशवासियों को एक मंच पर जोड़ते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का मजबूत संदेश देगा।

विभाजन की त्रासदी और विस्थापित परिवारों की स्मृतियों को प्रदर्शनी में मिलेगा स्थान

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तहत 13 और 14 अगस्त को सेक्टर-29 स्थित आयोजन स्थल पर विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी में देश के विभाजन से जुड़ी घटनाओं, विस्थापन की पीड़ा, प्रभावित परिवारों के संघर्ष तथा उस कठिन दौर में लोगों द्वारा दिखाई गई दृढ़ता और साहस को चित्रों एवं अन्य सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शनी का उद्देश्य विशेष रूप से युवा पीढ़ी को इतिहास के इस संवेदनशील अध्याय से परिचित कराना है, ताकि वे विभाजन की विभीषिका को समझने के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के महत्व को भी आत्मसात कर सकें।

डीसी ने जिलावासियों से आह्वान किया कि वे विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में सहभागी बनें और उन लाखों लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करें, जिन्होंने विभाजन के दौरान असहनीय पीड़ा और संघर्ष का सामना किया। उन्होंने कहा कि यह दिवस हमें अतीत की त्रासदी से सीख लेते हुए देश की एकता और सामाजिक सौहार्द को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर एडीसी सोनू भट्ट तथा एसडीएम बादशाहपुर संजीव कुमार सिंगला, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार, एडीआईओ नवीन अहलावत भी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!