अतिक्रमण मुक्त गुरुग्राम अभियान के तीसरे दिन जीएमडीए ने 13 किलोमीटर सरकारी भूमि से हटाया अतिक्रमण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अवैध ढांचों, रेहड़ी-खोखों, दुकानों व झुग्गियों पर व्यापक कार्रवाई; विभिन्न सेक्टरों में करीब 150 एकड़ ग्रीन बेल्ट को भी कराया अतिक्रमण मुक्त

गुरुग्राम, 12 अगस्त: गुरुग्राम को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे शहरव्यापी अभियान के तहत गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने आज अभियान के तीसरे दिन व्यापक कार्रवाई करते हुए करीब 13 किलोमीटर सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाया और सड़क के राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू)को सार्वजनिक उपयोग के लिए बहाल किया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी.सी. मीणा ने बताया कि तीसरे दिन की कार्रवाई के तहत वाटिका चौक–घाटा, वाटिका चौक–एनएच, गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड सहित विभिन्न सेक्टर डिवाइडिंग रोड पर अभियान चलाया गया। प्रवर्तन टीमों ने सरकारी भूमि, सड़क आरओडब्ल्यू और ग्रीन बेल्ट पर किए गए अवैध कब्जों तथा अस्थायी प्रतिष्ठानों को हटाया। अभियान का नेतृत्व डीटीपी श्री आर.एस. बाठ ने किया।

वाटिका चौक–घाटा मार्ग पर 75 अवैध ढांचे हटाए

वाटिका चौक से घाटा तक करीब 8 किलोमीटर लंबे मार्ग पर जीएमडीए की पांच टीमों ने कार्रवाई की। अभियान के दौरान करीब 75 अवैध ढांचों को हटाया गया, जिससे लगभग 150 मीटर आरओडब्ल्यू को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इस कार्रवाई में 20 अवैध रेहड़ियां, 20 बंजारा दुकानें, 15 झुग्गी दुकानें और 15 नर्सरियां सहित सरकारी भूमि एवं सड़क क्षेत्र पर किए गए अन्य अनधिकृत कब्जे हटाए गए।

वाटिका चौक–एनएच मार्ग पर भी व्यापक कार्रवाई

वाटिका चौक से एनएच तक करीब 5 किलोमीटर लंबे मार्ग पर भी पांच प्रवर्तन टीमों द्वारा कार्रवाई की गई। इस दौरान लगभग 35 अवैध ढांचों को हटाया गया, जिससे करीब 150 मीटर आरओडब्ल्यू को पुनः सार्वजनिक उपयोग के लिए उपलब्ध कराया गया।

हटाए गए अतिक्रमणों में 5 बिल्डिंग मटेरियल की दुकानें, 4 स्थायी टिन शेड जिनमें बड़े ढाबे संचालित हो रहे थे, 4 अस्थायी दुकानें तथा 15 अवैध झुग्गियां एवं कबाड़ी की दुकानें सहित अन्य अतिक्रमण शामिल रहे। इस कार्रवाई से कब्जे में लिए गए सड़क क्षेत्र एवं सरकारी भूमि को मुक्त कराया गया, जिससे इन महत्वपूर्ण मार्गों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

सीएमओ (एमसीजी) टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई

समन्वित प्रवर्तन अभियान के तहत सीएमओ (एमसीजी) टीम के साथ विभिन्न स्थानों पर संयुक्त कार्रवाई भी की गई। इस दौरान करीब 30 अवैध रेहड़ियां और 2 बंजारा दुकानें हटाई गईं। संयुक्त कार्रवाई के तहत सोहना रोड (टिकरी रोड) और तुलिप चौक सहित विभिन्न स्थानों पर अवैध रेहड़ियों एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया।

इसके अलावा सेक्टर 55/56, 56/61, 57/62, 50/65, 49/66, 72/69, 71/70, 73/75 तथा 74ए/75ए की डिवाइडिंग रोड पर भी टीमों ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान विभिन्न सेक्टरों में करीब 150 एकड़ ग्रीन बेल्ट भूमि को भी अतिक्रमण मुक्त कराया गया। ग्रीन बेल्ट से अतिक्रमण हटाने का उद्देश्य इन क्षेत्रों को उनके निर्धारित उपयोग के लिए पुनर्स्थापित करना तथा हरित बुनियादी ढांचे के लिए आरक्षित भूमि पर अनधिकृत कब्जे को रोकना है।

डीटीपी श्री आर.एस. बाठ ने कहा कि जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी.सी. मीणा के निर्देशानुसार यह अभियान मिशन मोड में लगातार जारी है। अभियान का उद्देश्य सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना, आरओडब्ल्यू को बहाल करना, ग्रीन बेल्ट को सुरक्षित करना तथा गुरुग्राम के सड़क नेटवर्क की पहुंच और स्वरूप को बेहतर बनाना है।

उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाया जा चुका है, वहां दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए प्रवर्तन टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध कब्जों से मुक्त कराई गई सरकारी भूमि एवं सार्वजनिक स्थानों को पुनः जनहित में उपयोग के लिए उपलब्ध कराना तथा सड़क कॉरिडोर, ग्रीन बेल्ट, फुटपाथ और आरओडब्ल्यू को उनके निर्धारित उपयोग के अनुरूप सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रखना है।

निरंतर प्रवर्तन कार्रवाई और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से जीएमडीए का लक्ष्य शहर में अधिक से अधिक सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर बेहतर नियोजित, सुगम, व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त सड़क मार्ग विकसित करना है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!